Site icon Dainik Savera Times

New Zealand vs India: विजय अभियान जारी रखने उतरेगा भारत, सैमसन व किशन पर होगी नजर

रायपुर : पहले मैच में बड़ी जीत से उत्साहित भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले दूसरे टी-20 क्रिकेट मैच में अपनी जीत की लय बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। नागपुर में खेले गए पहले टी-20 में भारत ने 48 रन से शानदार जीत दर्ज की थी और अब टीम की नजरें सीरीज में बढ़त मजबूत करने पर टिकी हैं। पहले मुकाबले में भारतीय शीर्ष क्रम के बल्लेबाज संजू सैमसन और ईशान किशन बल्ले से प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे।

टीम प्रबंधन ने पहले मैच में श्रेयस अय्यर की जगह ईशान किशन को प्राथमिकता दी थी। किशन ने अपनी संक्षिप्त पारी में कुछ अच्छे शॉट लगाए, लेकिन वह कवर पर कैच आऊट हो गए। किशन की निडर बल्लेबाजी शैली भारतीय टीम की रणनीति का अहम हिस्सा है और उनसे उम्मीद होगी कि वह इस बार पारी को आगे बढ़ाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाएं। कप्तान सूर्यकुमार यादव के फॉर्म पर भी सबकी नजरें हैं। भले ही उन्होंने बड़ा योगदान नहीं दिया, लेकिन 22 गेंदों में बनाए गए 32 रन ने उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया होगा। भारत के लिए सबसे बड़ी सकारात्मक बात यह रही कि टीम ने पहले मैच में बड़े स्कोर के दम पर दबाव बनाया और ओस के प्रभाव को भी काफी हद तक कम किया।

टी-20 विश्व कप खिताब का बचाव करने के लक्ष्य के साथ उतर रही भारतीय टीम के लिए अभिषेक शर्मा का आक्रामक रवैया बेहद अहम रहेगा। बाएं हाथ का यह बल्लेबाज शानदार फॉर्म में है और लगभग हर गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाने की क्षमता दिखा रहा है। निचले क्रम में रिंकू सिंह की टीम में वापसी और आते ही अच्छा प्रदर्शन भारत के लिए एक और बड़ा सकारात्मक पहलू है।

गेंदबाजी में कुलदीप यादव की अनुपस्थिति के बावजूद भारत का आक्रमण संतुलित नजर आ रहा है, अगर अर्शदीप सिंह और हार्दिक पंड्या पावरप्ले में विकेट लेते रहते हैं, तो जसप्रीत बुमराह को पावरप्ले के बाद 3 ओवरों के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे मध्य ओवरों में टीम के पास अतिरिक्त विकल्प रहेगा। रायपुर में भी ओस पड़ने की संभावना है और ऐसे में कोई भी स्कोर सुरक्षित नहीं होगा। दूसरी ओर न्यूजीलैंड जानता है कि पहले मैच में उसका गेंदबाजी प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, लेकिन वह जल्द वापसी करने के लिए बेताब होगा। टीम को डेवोन कॉन्वे के आऊट होने के तरीके पर भी चिंता हो सकती है, जो बाहर जाती गेंदों पर स्लिप में कैच दे बैठे थे।

Exit mobile version