Site icon Dainik Savera Times

भारत ने एयर राइफल में 2 मिश्रित टीम स्वर्ण जीते, शीर्ष पर बनाई बढ़त

नई दिल्ली: एलावेनिल वलारिवन, शांभवी क्षीरसागर और नारायण प्रणव ने अपने-अपने दूसरे स्वर्ण पदक जीते, भारत ने सीनियर और जूनियर दोनों 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धाओं में जीत हासिल की। इसके साथ ही शिमकैंट, कजाकिस्तान में चल रही 16वीं एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में भारत का स्वर्ण पदक आंकड़ा 22 हो गया। एलाबेनिल (316.3) और अजरुन बाबूता (317.7) ने मिलकर क्वालिफिकेशन में 634.0 स्कोर किया और ओलंपिक इवैंट में 27 टीमों में शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जबकि भारत की दूसरी जोड़ी मेहुली घोष (317.7) और रुद्रांक्ष पाटिल (314.9) ने भी शानदार प्रदर्शन करते 632.6 अंक बनाए और लीडरबोर्ड पर दूसरा स्थान हासिल किया।

11वीं सीरीज जीतकर भारतीयों ने 13-9 की बढ़त बनाई, जिसके बाद चीनी टीम ने टाइम आऊट लिया और वापसी करते 2 बेहतरीन शॉट्स के साथ स्कोर 13-11 कर दिया। भारतीय खिलाड़ियों ने इसके बाद 10.5 से नीचे कोई स्कोर नहीं किया और अगले दो राऊंड जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। एयर राइफल मिश्रित टीम जूनियर स्पर्धा में नारायण प्रणव और शांभवी क्षीरसागर ने क्वालिफिकेशन में 629.5 स्कोर कर तीसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल में प्रवेश किया। उनके साथी ईशा टकसाले और हिमांशु ने 628.6 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रहते हुए पदक मुकाबले से चूक गए।

फाइनल में भारतीय जोड़ी का सामना एक और चीनी जोड़ी, तांग हुईकी और हान यिनान से हुआ। शुरुआती 9 सीरीज तक मुकाबला 9-9 से बराबरी पर रहा। इसके बाद भारतीयों ने लगातार उच्च स्कोरिंग शॉट्स के साथ 6 अंकों की बढ़त बनाई और अंत में 14वीं और अंतिम सीरीज को बराबरी पर समाप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारत ने दिन का अंत 22 स्वर्ण, 8 रजत और 10 कांस्य पदकों के साथ किया और कुल 40 पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष स्थान पर बना रहा।

ये भी पढ़ें : तीसरी तिमाही में Nifty 500 कंपनियों की Profit Growth 16%, 8 तिमाहियों में सबसे तेज

Exit mobile version