Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

England को हराकर इतिहास रच गईं भारत की बेटियां: 2-1 से सीरीज पर किया कब्जा

July 23, 2025

England को हराकर इतिहास रच गईं भारत की बेटियां: 2-1 से सीरीज पर किया कब्जा

नई दिल्ली : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज 2-1 से जीतकर न सिर्फ सीरीज पर कब्जा किया, बल्कि पहली बार एक ही दौरे पर टी20 और वनडे दोनों सीमित ओवरों की सीरीज जीतने का गौरव हासिल किया।

चेस्टर-ले-स्ट्रीट में खेले गए निर्णायक तीसरे वनडे में भारत ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 13 रन से हराया। मैच में कप्तान हरमनप्रीत कौर की शानदार शतकीय पारी और युवा गेंदबाज़ क्रांति गौड़ की कहर बरपाती गेंदबाज़ी ने भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई।

हरमनप्रीत का शतक, भारत का मजबूत स्कोर

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 5 विकेट पर 318 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। सलामी जोड़ी प्रतिका रावल और स्मृति मंधाना ने 64 रन की मजबूत शुरुआत दी। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पहले हरलीन देओल (45) के साथ 81 रन और फिर जेमिमा रोड्रिग्ज (50) के साथ 110 रन की साझेदारी करते हुए 102 रन की शानदार पारी खेली।

कौर की यह पारी 84 गेंदों में 14 चौकों की बदौलत सजी, जिसने टीम को विशाल स्कोर तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई।

इंग्लैंड की साहसिक लेकिन अधूरी चुनौती

318 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत लड़खड़ाई। शुरुआती झटकों के बाद एम्मा लैंब (68) और कप्तान नतालिया साइवर-ब्रंट (98) ने तीसरे विकेट के लिए 162 रन जोड़कर मैच को रोमांचक मोड़ दिया। एलिस रिचर्ड्स (44) और सोफिया डंकले (34) ने भी प्रयास किया, लेकिन भारत की गेंदबाज़ी के सामने इंग्लैंड 49.5 ओवर में 305 रन पर ढेर हो गया।

क्रांति गौड़ बनीं हीरो

भारत के लिए इस मुकाबले की सबसे बड़ी खोज रहीं तेज़ गेंदबाज़ क्रांति गौड़। उन्होंने 52 गेंदों में 6 विकेट चटकाते हुए इंग्लिश बल्लेबाज़ी की कमर तोड़ दी। उनके अलावा श्री चरणी ने दो और दीप्ति शर्मा ने एक विकेट हासिल किया।

भारत का विदेशी रिकॉर्ड

यह जीत भारतीय महिला टीम की विदेशी सरजमीं पर बढ़ती ताकत का संकेत है। इंग्लैंड से पहले भारत ने साउथ अफ्रीका (2018), श्रीलंका (2018, 2022), और वेस्टइंडीज (2019) के खिलाफ भी एक ही दौरे पर दोनों सीरीज अपने नाम की हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें