Indian Badminton: भारत की स्टार पुरुष डबल्स जोड़ी सात्विकसाई रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने रविवार को ‘बीडब्ल्यूएफ सुपर 750 चाइना मास्टर्स’ का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल में भारतीय जोड़ी ने चीन की जोड़ी को मात देकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस शानदार जीत के बाद अब सात्विक और चिराग की नजरें ‘एशियन गेम्स 2026’ पर टिकी हैं, जहां दोनों पिछली सफलता को दोहराते हुए एक बार फिर गोल्ड मेडल जीतना चाहेंगे।
एशियन गेम्स 2022 में सात्विकसाई रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने शानदार खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक जीता था। फाइनल मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने दक्षिण कोरिया के चोई सोल-ग्यू और किम वोन-हो को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया था।
आगामी एशियन गेम्स को लेकर चिराग शेट्टी ने कहा कि यह उनका तीसरा एशियन गेम्स होगा और अब उन्हें इतने बड़े मंच पर खेलने का काफी अनुभव हो चुका है। उनके मुताबिक, किसी बड़े टूर्नामेंट में खेलने को लेकर अतिरिक्त दबाव नहीं है, क्योंकि हर प्रतियोगिता में दबाव बना रहता है। चिराग ने कहा कि खिलाड़ी के लिए जरूरी यह है कि वह उस दबाव को सही तरीके से संभाले और इसी सोच के साथ वे आगे बढ़ना चाहते हैं।
ये भी पढ़ें-https://dainiksaveratimes.com/sports/duleep-trophy-2026-ishan-kishan-270-runs-east-zone-708/
2026 एशियाई खेलों का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में किया जाएगा। अपनी तैयारियों को लेकर चिराग ने बताया कि एशियन गेम्स के लिए रवाना होने से पहले उनके पास अभ्यास के लिए 10 दिन का समय है। इस दौरान भारतीय जोड़ी अपनी कमजोरियों पर काम करने के साथ-साथ फिटनेस पर भी पूरा ध्यान देगी। चिराग ने कहा कि नागोया जाने से पहले वे उन पहलुओं में सुधार करना चाहते हैं, जिन पर अभी और मेहनत की जरूरत है।
रविवार को खेले गए चाइना मास्टर्स के फाइनल में सात्विक और चिराग के सामने चीन के जी तिंग और रेन शियांग यू की चुनौती थी। भारतीय जोड़ी ने पहला गेम 11-21 से गंवा दिया, लेकिन दूसरे गेम में जोरदार वापसी करते हुए 21-13 से जीत दर्ज की। निर्णायक गेम में भी सात्विक-चिराग ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और 21-17 से गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ सात्विक और चिराग चाइना मास्टर्स का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय जोड़ी बन गए हैं। साल 2005 में टूर्नामेंट की शुरुआत के बाद से अब तक कोई भारतीय जोड़ी यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी नहीं जीत पाई थी।
चाइना मास्टर्स में इससे पहले भी सात्विक-चिराग का प्रदर्शन शानदार रहा है। दोनों 2023 और 2025 में टूर्नामेंट के उपविजेता रहे थे, जबकि 2024 में उन्होंने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। रविवार की जीत के साथ इस भारतीय जोड़ी के बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताबों की संख्या 10 हो गई है। वहीं, इस साल यह उनका दूसरा सुपर 750 खिताब है और 2026 में वे अब तक कुल चार खिताब जीत चुके हैं।

