इंदौर: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के सदस्यों को एकदिवसीय विश्व कप के लिए भारतीय वीजा जारी कर दिया गया। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सोमवार को इसकी पुष्टि की। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) द्वारा राष्ट्रीय टीम की हैदराबाद यात्रा में देरी पर वैश्विक संस्था के साथ गंभीर चिंता जताए जाने के कुछ घंटों बादआईसीसी ने वीजा जारी होने की पुष्टि की।
पाकिस्तान की टीम 27 सितंबर को तड़के भारत के लिए रवाना होगी। टीम को निर्धारित यात्रा से 48 घंटे से भी कम समय पहले वीजा मंजूरी मिल गई। पाकिस्तान 29 सितंबर को हैदराबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना पहला अभ्यास मैच खेलेगा। आईसीसी के एक प्रवक्ता ने कहा, पाकिस्तान को वीजा जारी किया जा चुका है। वीजा जारी होने को लेकर हालांकि पाकिस्तानी खेमे में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

