Site icon Dainik Savera Times

भारतीय महिला और पुरूष 4×400 मीटर रिले टीमों ने Paris Olympics के लिये किया क्वालीफाई

नासाउ (बहामास): भारतीय महिला और पुरूष चार गुणा 400 मीटर रिले टीमों ने यहां सोमवार को विश्व एथलेटिक्स रिले में दूसरे दौर की हीट में दूसरे स्थान पर रहकर पेरिस ओलंपिक के लिये क्वालीफाई कर लिया। रूपल चौधरी, एम आर पूवम्मा, ज्योतिका श्री दांडी और शुभा वेंकटेशन की चौकड़ी ने तीन मिनट 29 . 35 सेकंड का समय लेकर पहली हीट में जमैका (3 : 28 . 54) के बाद दूसरा स्थान हासिल करके पेरिस का टिकट कटाया।

भारतीय टीम रविवार को पहले दौर की क्वालीफाइंग हीट में तीन मिनट 29 . 74 सेकंड का समय निकालकर पांचवें स्थान पर रही थी। बाद में पुरूष टीम (मोहम्मद अनस याहया, मोहम्मद अजमल, अरोकिया राजीव और अमोल जैकब) तीन मिनट 3.23 सेकंड का समय निकालकर अमेरिका (2 : 59 . 95) के बाद दूसरे स्थान पर रही। दूसरे दौर में तीनों हीट से शीर्ष दो टीमों ने 26 जुलाई से 11 अगस्त तक होने वाले ओलंपिक खेलों के लिये क्वालीफाई किया।

पहले दौर में पुरूष टीम रेस पूरी नहीं कर सकी थी क्योंकि दूसरे चरण के धावक राजीव रमेश को मांसपेशी में खिंचाव के कारण बीच में ही बाहर होना पड़ा था। अब भारत के ट्रैक और फील्ड के 19 खिलाड़ी पेरिस ओलंपिक के लिये क्वालीफाई कर चुके हैं जिनमें भालाफेंक चैम्पियन नीरज चोपड़ा शामिल हैं। एथलेटिक्स की स्पर्धायें एक अगस्त से शुरू होंगी ।

Exit mobile version