Site icon Dainik Savera Times

भारतीय महिला फुटबॉल टीम की एशियाई चुनौती शुरू, मंगोलिया से होगा पहला मुकाबला

चियांग माई: भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम सोमवार को AFC महिला एशियाई कप 2026 क्वालीफायर अभियान की शुरुआत मंगोलिया के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला थाईलैंड के ऐतिहासिक चियांग माई स्टेडियम में खेला जाएगा, जो अपनी 700वीं वर्षगांठ मना रहा है।

फीफा रैंकिंग में 70वें स्थान पर काबिज भारत की महिला टीम ग्रुप बी के इस मुकाबले में 126वीं रैंकिंग वाली मंगोलिया की टीम के खिलाफ जीत के इरादे से मैदान में उतरेगी। क्वालीफायर के इस दौर में भारतीय टीम को कुल चार मुकाबले खेलने हैं, जिनमें से पहला 23 जून को मंगोलिया के खिलाफ होगा। इसके बाद 29 जून को भारत का सामना तिमोर लेस्ते, 2 जुलाई को इराक और 5 जुलाई को मेज़बान थाईलैंड से होगा।

इस ग्रुप से केवल एक ही टीम ग्रुप विजेता मार्च 2026 में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले AFC महिला एशियाई कप के लिए क्वालीफाई करेगी। यह टूर्नामेंट न केवल एशिया का सबसे बड़ा महिला फुटबॉल टूर्नामेंट है, बल्कि यह 2027 में ब्राज़ील में होने वाले फीफा महिला विश्व कप के लिए क्वालीफायर का भी काम करेगा। ऐसे में भारतीय टीम के लिए यह अभियान दोहरी चुनौती और अवसर से भरा है।

भारतीय टीम की कमान अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं के संतुलन वाली 23 सदस्यीय टीम के हाथों में है। गोलकीपिंग की जिम्मेदारी एलंगबाम पंथोई चानू, मोइरांगथेम मोनालिशा देवी और पायल बासुदे के कंधों पर होगी। डिफेंस लाइन में हेमाम शिल्की देवी, संजू, किरण पिस्दा और नगंगबाम स्वीटी देवी जैसे मजबूत खिलाड़ी मौजूद हैं।

मिडफील्ड की कमान अंजू तमांग, ग्रेस डांगमेई और संगीता बासफोर संभालेंगी, जबकि अटैक की धुरी मनीषा कल्याण, प्यारी ज़ाक्सा और लिंडा कोम जैसी फॉरवर्ड खिलाड़ी होंगी, जिनसे गोल की उम्मीदें सबसे अधिक हैं।

भारतीय कोचिंग स्टाफ को भरोसा है कि यह टीम ना सिर्फ ग्रुप स्टेज में बेहतर प्रदर्शन करेगी, बल्कि एशियाई फुटबॉल के नक्शे पर भारत की उपस्थिति को और मजबूत बनाएगी।

कार्यक्रम भारत के मुकाबले:

23 जून: भारत बनाम मंगोलिया

29 जून: भारत बनाम तिमोर लेस्ते

2 जुलाई: भारत बनाम इराक

5 जुलाई: भारत बनाम थाईलैंड

सभी मुकाबले थाईलैंड के चियांग माई स्टेडियम में खेले जाएंगे। भारत को जीत की राह पर आगे बढ़ने के लिए हर मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना होगा, क्योंकि एक भी हार इस अभियान को खतरे में डाल सकती है।

ये भी पढ़ें- BSEB 12th Result 2026: आज जारी होगा बिहार बोर्ड 12वीं का रिजल्ट; जानें कैसे करें चेक

Exit mobile version