Site icon Dainik Savera Times

भारतीय महिला हॉकी टीम पांच मैचों की श्रृंखला के लिए ऑस्ट्रेलिया का करेगी दौरा

Indian Women’s Hockey Team : भारतीय महिला हॉकी टीम 26 अप्रैल से 4 मई तक पांच मैचों की सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी। हॉकी इंडिया ने गुरुवार को यह जानकारी दी। भारत 26 और 27 अप्रैल को ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ दो मैचों के साथ सीरीज की शुरुआत करेगा। इसके बाद भारतीय टीम सीनियर ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज खेलेगी। इस सीरीज के मैच 1, 3 और 4 मई को खेले जाएंगे। सभी मैच पर्थ हॉकी स्टेडियम में होंगे।

जून में शुरू होने वाले एफआईएच प्रो लीग 2024-25 के यूरोपीय चरण की तैयारी के मद्देनजर यह दौरा काफी महत्वपूर्ण है। नौवें स्थान पर काबिज भारतीय टीम ने एफआईएच प्रो लीग 2023-24 के दौरान अपने पिछले मैच में ऑस्ट्रेलिया को 1-0 से हराया था, लेकिन 2013 से इन दोनों टीमों के बीच खेले गए 16 मैचों में से 10 में ऑस्ट्रेलिया ने जीत हासिल की है। भारत ने तीन जीत दर्ज की हैं, जबकि तीन मैच ड्रॉ रहे हैं।

भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच हरिंदर सिंह ने ऑस्ट्रेलिया दौरे को लेकर कहा, “एफआईएच प्रो लीग के यूरोपीय चरण के लिए हमारी तैयारियों के मद्देनजर यह दौरा काफी महत्वपूर्ण है। ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ खेलने से हमारी खिलाड़ियों को अपने खेल का मूल्यांकन करने का अच्छा मौका मिलेगा।”

ये भी पढ़ें: पंजाब पुलिस की BKI आतंकियों पर बड़ी कार्रवाई, विस्फोटक हथियारों सहित 2 आरोपी गिरफ्तार

Exit mobile version