Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

पैरा कराटे में भारत का उभरता सितारा कार्तिकेय गोयल को सरकार से मदद की उम्मीद

August 13, 2023

पैरा कराटे में भारत का उभरता सितारा कार्तिकेय गोयल को सरकार से मदद की उम्मीद

नयी दिल्ली: पैरा कराटे में भारत का उभरता सितारा कार्तिकेय गोयल लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद विश्व कराटे महासंघ (डब्ल्यूकेएफ) रैंकिंग में तीसरे स्थान पर पहुंच गये हैं। राष्ट्रीय राजधानी निवासी 20 वर्षीय कार्तिकेय भारत और दक्षिण एशिया के एकमात्र पैरा कराटे का खिलाड़ी हैं, जिन्होंने एशियाई कराटे महासंघ (एकेएफ) द्वारा आयोजित लगातार दो प्रतियोगिताओं में पदक जीते हैं।

उन्होंने मलेशिया में जुलाई में आयोजित एशियाई पैरा चैंपियनशिप 2023 में रजत पदक जीता, जबकि दिसंबर 2022 में उन्होंने उज्बेकिस्तान में आयोजित एशियाई कराटे चैंपियनशिप में भी चांदी का तमगा हासिल किया था। कार्तिकेय का जन्म इंजीनियरों के परिवार में हुआ था, लेकिन चार वर्ष की उम्र में उन्होंने सीवियर मेनिंजाइटिस (गंभीर मस्तिष्क ज्वर) के कारण सुनने और देखने की क्षमता खो दी।

इन चुनौतियों ने हालांकि कार्तिकेय को मज़बूत बनाया। उनकी वैश्विक मंच पर प्राप्त उपलब्धियों की सूची लंबी है। उन्होंने 2022 में अमेरिका के नेवाडा में आयोजित अमेरिकी ओपन और जूनियर इंटरनेशनल कप कराटे चैंपियनशिप में पैरा श्रेणी में प्रतिस्पर्धा की थी जहां उन्होंने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीता था। विश्व कराटे महासंघ वैश्विक रैंकिंग में तीसरे स्थान पर पहुंच चुके कार्तिकेय को उम्मीद है कि वह आगामी पैरा ओलंपिक्स और विश्व कराटे चैंपियनशिप में भारत के तरफ से भाग लेंगे।

उन्होंने सरकार से अधिक सुविधाएं प्रदान करने की मांग की ताकि वह वैश्विक मंच पर अधिक प्रदर्शन कर सकें। सिर्फ कार्तिकेय ही नहीं, बल्कि दिल्ली के और भी कराटे खिलाड़ी हैं जो देश का नाम रोशन कर रहे हैं। इन खिलाड़यिों में अनिकेत गुप्ता (भारत और दिल्ली कराटे टीम के कप्तान), दीपिका धीमान, प्रणय शर्मा, अख्तर, नविन भिंडिया और बासु खरे जैसी युवा प्रतिभाओं का नाम शामिल है। सभी खिलाड़यिों ने 19वीं एशियाई सीनियर कराटे चैंपियनशिप 2023 में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। अनिकेत ने अमीरात स्पोर्ट्स कराटे ओपन में कांस्य पदक जीता।

इतना ही नहीं, वह 2011 से अब तक लगातार पांच बार राष्ट्रमंडल स्वर्ण/रजत/कांस्य पदक विजेता रहे हैं। कार्तिकेय को आशा है कि सरकार उन्हें और उनके साथियों को प्रोत्साहित करने के लिये आर्थिक मदद प्रदान करेगी। कार्तिकेय गोयल सिर्फ एक कराटे चैंपियन नहीं हैं, बल्कि वह जीवन में आने वाली चुनौतियों के बावजूद संकल्पना, जज्बे और कठिनाई से क्या प्राप्त किया जा सकता है, उसका प्रतीक हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें