Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

IOC ने जीती सीनियर महिला अंतर-विभागीय चैम्पियनशिप, जानिए कैसा रहा मुकाबला

November 21, 2023

IOC ने जीती सीनियर महिला अंतर-विभागीय चैम्पियनशिप, जानिए कैसा रहा मुकाबला

 

नई दिल्ली: इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) ने मंगलवार को एक रोमांचक मैच में गत चैंपियन रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड को 4-4 (3-2) से हराकर तीसरी हॉकी इंडिया सीनियर महिला अंतर-विभागीय राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2023 जीत ली। आईओसी ने चौथे क्वार्टर के अंत तक 4-4 से बराबरी हासिल कर ली, जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट करना पड़ा जिससे उन्होंने 3-2 से जीत हासिल की।

कप्तान वंदना कटारिया ने रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के लिए 12वे मिनट में गोल दागा जिसके तुरंत बाद मारियाना कुजूर (15‘) ने बढ़त को 2-0 कर दिया। मैच के 28वें मिनट में आईओसी की शर्मिला देवी ने गोल कर अंतर को पाटने की कोशिश की लेकिन बोर्ड की संगीता कुमारी ने 33वें मिनट पर गोल कर तीसरे क्वार्टर के अंत में तक स्कोर को 3-1 कर दिया।

आईओसी के लिए ज्योति ने 49 मिनट पर गोल कर टीम के लिये जीत के दरवाजे खोलने का प्रयास किया लेकिन वंदना कटारिया ने 49वें मिनट में एक अच्छा फील्ड गोल कर स्कोर को 4-2 कर दिया। आखिरी के पांच मिनट में दीपिका (55‘) और ज्योति (59‘) ने गोल कर स्कोरलाइन 4-4 कर दिया और मैच पेनल्टी शूट-आउट में चला गया। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के लिए दीपिका, बलजीत कौर और ज्योति ने गोल किए, जबकि बिचू देवी खारीबाम गोलपोस्ट पर खड़ी रहीं और आईओसी ने रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड को हराकर टूर्नामेंट जीता।

इस बीच तीसरे/चौथे स्थान के मैच में भारतीय खेल प्राधिकरण ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सशस्त्र सीमा बल को 3-1 से हराकर कांस्य पदक हासिल किया। कविता (15‘) ने पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार गोल करके भारतीय खेल प्राधिकरण के लिए स्कोरिंग की शुरुआत की। इसके बाद तीसरे क्वार्टर में लालरिंदिकी (35‘, 41‘) के दो फील्ड गोल ने बढ़त को 3-0 तक बढ़ा दिया। सशस्त्र सीमा बल के लिए कप्तान रजनी बाला (43‘) ने गोल किया और मैच 3-1 स्कोर के साथ समाप्त हुआ।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें