Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

आईपीएल 2023: मांजरेकर को उम्मीद…गुजरात टाइटंस पिछले सत्र का आत्मविश्वास आगे लेकर जाएंगे

March 30, 2023

आईपीएल 2023: मांजरेकर को उम्मीद…गुजरात टाइटंस पिछले सत्र का आत्मविश्वास आगे लेकर जाएंगे

नई दिल्ली: पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर को उम्मीद है कि हार्दिक पांड्या के नेतृत्व वाली गुजरात टाइटंस आईपीएल 2022 को जीतने से मिला आत्मविश्वास 31 मार्च से अहमदाबाद में शुरू हो रहे इस सत्र में लेकर जायेगी। लीग में अपने पहले सत्र में उन्होंने लीग चरण में 10 जीत और चार हार के साथ 20 अंक लेकर टॉप किया था। प्लेऑफ में उन्होंने राजस्थान रॉयल्स को पहले क्वालीफायर और खिताबी मुकाबले में सात विकेट के समान अंतर से हराया था और आईपीएल में अपने पदार्पण सत्र में खिताब जीता था। आईपीएल 2023 में गत चैंपियन के रूप में प्रवेश करते हुए गुजरात 2023 सत्र की शुरूआत शुक्रवार को अपने घरेलू मैदान नरेंद्र मोदी स्टेडियम में चार बार के विजेता चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले से शुरू करेगी।

मांजरेकर ने कहा, ‘‘आईपीएल 2022 नीलामी में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था लेकिन उन्होंने खिताब जीत लिया। उन्होंने कई बड़े दांव खेले जैसे हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाना। किसी ने नहीं सोचा होगा कि वह इतने शानदार कप्तान निकलेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आईपीएल में लम्बे समय से फ्लॉप रहे डेविड मिलर का अचानक सर्वश्रेष्ठ सत्र निकला और उस फॉर्म को वह अंतर्राष्ट्रीय करियर में ले गए। यह एक टीम निर्माण था और वास्तविक लोगों ने इसका समर्थन किया।’’ मांजरेकर के हवाले से आईपीएल के आधिकारिक प्रसारक स्टार स्पोर्ट्स ने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि वे पिछले वर्ष का आत्मविश्वास इस सत्र में लेकर जाएंगे। गुजरात की टीम पिछले सत्र के मुकाबले ज्यादा नहीं बदली है।” पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने गुजरात की बल्लेबाजी के लचीलेपन को श्रेय देते हुए कहा कि इससे उन्हें अन्य टीमों पर बढ़त मिलती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें