Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

IPL 2023: आरसीबी में शामिल हुए Michael Bracewell, BCCI ने की पुष्टि

March 18, 2023

IPL 2023: आरसीबी में शामिल हुए Michael Bracewell, BCCI ने की पुष्टि

मुंबई: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सीज़न के लियेे न्यूज़ीलैंड के हरफ़नमौला माइकल ब्रेसवेल को अपनी पुरुष टीम में शामिल किया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शनिवार को इसकी पुष्टि की। फ्रेंचाइज़ी ने इंग्लैंड के दाएं हाथ के हरफ़नमौला विल जैक्स की जगह ब्रेसवेल को तलब किया है। गौरतलब है कि 3.2 करोड़ रुपये की कीमत में आरसीबी के साथ जुड़े जैक्स मांसपेशी की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गये हैं।

कीवी ऑलराउंडर ब्रेसवेल एक करोड़ रुपये की मूल कीमत पर आरसीबी में शामिल होंगे।ब्रेसवेल अब तक अपने करियर में सात टेस्ट, 19 एकदिवसीय और 16 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। न्यूज़ीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ 25 मार्च से शुरू होने वाली एकदिवसीय सीरीज से ब्रेसवेल को रीलीज़ कर दिया है। भारतीय सरज़मीन पर अक्टूबर-नवंबर में होने वाले वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए ब्रेसवेल के लिये पहली बार आईपीएल में खेलने का अनुभव महत्वपूर्ण होगा।

न्यूजीलैंड के कोच गैरी स्टीड ने कहा, “माइकल अपने पदार्पण के बाद से हमारी टीम के एक प्रमुख खिलाड़ी रहे हैं। उन्हें आईपीएल में सीखने का मौका मिलना रोमांचक है, खासकर एक स्पिन-हरफनमौला के रूप में। इस साल भारत में होने वाले विश्व कप को ध्यान में रखते हुए, खिलाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा अनुभव मिलना अच्छा है।”

फाफ डु प्लेसिस, जॉश हेज़लवुड, फ़िन ऐलन, वानिन्दू हसरंगा, ग्लेन मैक्सवेल, रीस टोपली और डेविड विली के बाद ब्रेसवेल आरसीबी के आठवें विदेशी खिलाड़ी हैं। आईपीएल की शुरुआत 31 मार्च को गुजरात टाइटन्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबले के साथ होगी। आरसीबी को अपना अभियान दो अप्रैल को मुंबई इंडियन्स के खिलाफ शुरू करना है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें