Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

IPL 2023: आज लखनऊ सुपरजायंट्स को राजस्थान रॉयल्स की चुनौती का करना होगा सामना

April 19, 2023

IPL 2023: आज लखनऊ सुपरजायंट्स को राजस्थान रॉयल्स की चुनौती का करना होगा सामना

जयपुर: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के वर्तमान सत्र में अब तक उतार-चढ़ाव वाला प्रदर्शन करने वाली लखनऊ सुपरजायंट्स की टीम को अगर जीत की राह पर लौटना है तो उसे अंक तालिका में शीर्ष पर काबिज राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाले मैच में खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। लखनऊ की टीम ने अभी तक 3 मैच जीते हैं जबकि 2 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा। उसके पास प्रतिभा की कमी नहीं है लेकिन उसके प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव है। पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मैच में लखनऊ की टीम बीच के ओवरों में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी जिससे आखिर में वह 10 से 15 रन कम बना पाई।

कप्तान केएल राहुल ने 56 गेंदों पर 74 रन बनाकर फॉर्म ने वापसी की जोकि टीम के लिए सकारात्मक संकेत है। लखनऊ के पास काइल मेयर्स, निकोलस पूरन और मार्कस स्टोयनिस के रूप में अच्छे पावर हिटर हैं लेकिन उसके बल्लेबाज अच्छी साझेदारी नहीं निभा पा रहे हैं। इसके अलावा दीपक हुड्डा का रन नहीं बना पाना भी टीम के लिए चिंता का विषय है। टीम के 2 अन्य स्पिनर कृष्णप्पा गौतम और क्रुणाल पंड्या अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभा रहे हैं। मार्क वुड और आवेश खान के रुप में लखनऊ के पास अच्छे तेज गेंदबाज हैं। पंजाब के खिलाफ युद्धवीर सिंह चरक ने भी अपना प्रभाव छोड़ा।

राजस्थान के पास मजबूत बल्लेबाजी क्रम है जिसमें यशस्वी जायसवाल, जोस बटलर और संजू सैमसन ने टीम के शीर्ष क्रम में बहुत अच्छी भूमिका निभाई है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ पिछले मैच में यह दोनों सलामी बल्लेबाज नहीं चल पाए थे और ऐसे में कप्तान सैमसन और शिमरोन हेटमायर ने अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभा कर टीम को जीत दिलाई थी। देवदत्त पडिक्कल ने भी आक्रामक पारी खेली लेकिन रियान पराग मौके का फायदा उठाने में नाकाम रहे। राजस्थान का गेंदबाजी आक्रमण काफी मजबूत है जिसमें युजवेंद्र चहल, एडम जम्पा और रविचंद्रन अश्विन जैसे दुनिया के नामी स्पिनर शामिल हैं। उसके पास ट्रेंट बोल्ट जैसा तेज गेंदबाज है जबकि संदीप शर्मा अपने अनुभव का अच्छा उपयोग कर रहे हैं।

लखनऊ सुपरजायंट्स: केएल राहुल (कप्तान और विकेटकीपर), काइल मेयर्स, दीपक हुड्डा, क्रुणाल पंड्या, अमित मिश्रा, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), नवीन उल हक, आयुष बडौनी, आवेश खान, करण शर्मा, युद्धवीर चरक, यश ठाकुर, रोमारियो शैफर्ड, मार्क वुड, स्वप्निल सिंह, मनन वोहरा, डेनियल सैम्स, प्रेरक मांकड़, कृष्णप्पा गौतम, जयदेव उनादकट, मार्कस स्टोयनिस, रवि बिश्नोई, मयंक यादव। बता दें के ये मैच आज शाम 7:30 बजे सवाई मानसिंह स्टेडियम, जयपुर में खेला जाएगा।

राजस्थान रॉयल्स: संजू सैमसन (कप्तान), अब्दुल बसिथ, मुरुगन अश्विन, रविचंद्रन अश्विन, केएम आसिफ, ट्रेंट बोल्ट, जोस बटलर, केसी करियप्पा, युजवेंद्र चहल, डोनोवन फरेरा, शिमरोन हेटमायर, जेसन होल्डर, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, ओबेड मैककॉय, देवदत्त पडिक्कल, रियान पराग, कुणाल सिंह राठौर, जो रूट, नवदीप सैनी, संदीप शर्मा, कुलदीप सेन, आकाश वशिष्ठ, कुलदीप यादव, एडम जम्पा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें