आईपीएल नीलामी खत्म हो चुकी है। इस मिनी ऑक्शन में 300 से ज्यादा खिलाड़ियों की किस्मत दांव पर थी। हालांकि, उनमें से केवल 72 खिलाड़ियों पर ही बोली लगी। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स ने 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा। वहीं, पैट कमिंस को सनराइजर्स हैदराबाद ने 20.50 करोड़ रुपये में खरीदा। इस नीलामी में 10 करोड़ या उससे ऊपर की बोली छह खिलाड़यों पर लगी। कुल 39 खिलाड़ी करोड़पति बने. यानी उन पर एक करोड़ या इससे ऊपर की बोली लगी। भारत की ओर से हर्षल पटेल ऑक्शन में सबसे महंगे बिके। उन्हें पंजाब किंग्स ने 11.75 करोड़ रुपये में खरीदा। वहीं, समीर रिजवी इस नीलामी के सबसे महंगे अनकैप्ड प्लेयर रहे। उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा। ऑक्शन से पहले सभी टीमों के पास खर्च करने को कुल 262.95 करोड़ रुपये थे। 10 टीमों ने कुल मिलाकर 230.45 करोड़ रुपये खर्च किए। इस नीलामी में कुल नौ अनकैप्ड खिलाड़ी करोड़पति बने और सभी भारतीय हैं।