बेंगलूर: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच बुधवार को बल्लेबाजों के अनुकूल रहने वाली एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच पर होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के 14वें मैच बड़े स्कोर बनने की संभावना है। अपने शुरुआती मुकाबलों में लगातार जीत से उत्साहित आरसीबी घरेलू मैदान का फायदा उठाने का प्रयास करेगी। पिछली हार को भुलाकर गुजरात टाइटंस अपनी लय को बरकरार रखना चाहेगी। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में विराट कोहली का शानदार रिकार्ड रहा है। यहां उन्होंने 89 मैचों में 40.53 की औसत से 3,040 रन बनाए हैं।
कोहली ने आईपीएल में सबसे ज्यादा 8 शतक बनाए हैं। कोहली, फिलिप साल्ट और रजत पाटीदार के साथ मिलकर आरसीबी के लिए एक मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप बनाते हैं। जॉश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार की अगुआई वाली आरसीबी की गेंदबाजी इकाई ने भी पिछले मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है, जिसमें हेजलवुड ने 2 मैचों में सिर्फ 5.37 की औसत से 5 विकेट लिए हैं। लियाम लिवग्स्टोन और क्रुणाल पांड्या स्पिन विभाग में गहराई प्रदान करते हैं। गुजरात टाइटंस के लिए, साईं सुदर्शन प्रमुख बल्लेबाज के रूप में उभरे हैं। उन्होंने इस सत्र में लगातार अर्धशतक जड़े हैं और टीम के सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।
कप्तान शुभमन गिल और जोस बटलर से पारी को संभालने और बड़ा स्कोर बनाने की उम्मीद है। गेंदबाजी आक्रमण की बात की जाए तो कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा आरसीबी की बल्लेबाजी को चुनौती देने की क्षमता रखते हैं। बाएं हाथ के स्पिनर आर साईं किशोर ने भी टूर्नामैंट में अब तक अपने चार विकेट लेकर प्रभावित किया है। आईपीएल 2024 में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ अपने दोनों मुकाबलों में आरसीबी ने जीत हासिल की है, इसलिए वे इस मैच में थोड़े पसंदीदा के रूप में उतरेंगे।

