
चेन्नई: आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए हालात चुनौतीपूर्ण होते जा रहे हैं, लेकिन इसी बीच टीम को एक नई रोशनी दिखी है – दक्षिण अफ्रीका के युवा खिलाड़ी डेवाल्ड ब्रेविस। अपने डेब्यू मैच में ही उन्होंने 25 गेंदों में 42 रन की विस्फोटक पारी खेली और क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा। अनुभवी कोच और पूर्व भारतीय कप्तान अनिल कुंबले का मानना है कि ब्रेविस आने वाले वर्षों में CSK के लिए एक अहम स्तंभ बन सकते हैं।
-ब्रेविस की स्पिन के खिलाफ तकनीक लाजवाब
कुंबले ने कहा कि, “ब्रेविस की स्पिन के खिलाफ तकनीक लाजवाब है। चेन्नई की धीमी पिचों पर उनका आत्मविश्वास और शॉट चयन उन्हें और खास बनाता है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका में अंडर-19 और घरेलू क्रिकेट में खुद को साबित किया है, और अब आईपीएल में भी उन्होंने शुरुआत में ही झलक दिखा दी है। ब्रेविस को चोटिल गेंदबाज गुर्जरप्रीत सिंह की जगह टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उन्होंने मौके को पूरी तरह भुनाया। चेन्नई की बल्लेबाजी इस सीजन खास नहीं रही, लेकिन ब्रेविस की मौजूदगी ने मिडिल ऑर्डर को थोड़ी स्थिरता दी है।
-कुंबले ने की CSK की तारीफ
कुंबले ने CSK के टीम संयोजन पर भी विचार साझा करते हुए कहा, “गायकवाड़ और कॉन्वे की ओपनिंग जोड़ी ने अतीत में CSK को सफलता दिलाई है। रचिन रवींद्र के पास क्षमता है, लेकिन शायद उन्हें नंबर तीन पर लाना ज्यादा फायदेमंद रहेगा। मिडिल ऑर्डर की कमजोरी पर चिंता जताते हुए उन्होंने यह भी जोड़ा कि अब समय आ गया है जब CSK को युवा चेहरों जैसे ब्रेविस और म्हात्रे पर भरोसा जताना चाहिए। साथ ही कुंबले ने सुझाव दिया कि पथिराना की जगह किसी अनुभवी गेंदबाज, जैसे नाथन एलिस को दोबारा मौका मिलना चाहिए।
-सुर्खियों में रहीं हर्षल पटेल
दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में हर्षल पटेल की गेंदबाजी भी सुर्खियों में रही। उन्होंने 4 ओवर में 28 रन देकर 4 विकेट झटके और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने। कुंबले ने उनकी तारीफ करते हुए कहा,हर्षल जानते हैं कि मुश्किल परिस्थितियों में कैसे गेंदबाजी करनी है। उनके पास अनुभव है और उन्होंने आज अपनी विविधताओं का शानदार उपयोग किया।
CSK के लिए यह सीजन अब युवा खिलाड़ियों के अनुभव और भविष्य की टीम तैयार करने का समय बन गया है और इस दिशा में डेवाल्ड ब्रेविस जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी उम्मीद की नई किरण बनकर उभरे हैं। क्या ब्रेविस भविष्य में CSK के चेहरा बन सकते हैं? वक्त इसका जवाब देगा, लेकिन शुरुआत उन्होंने दमदार की है।
ये भी पढ़ें: बॉर्डर इलाके की किराना दुकान में बन रहा था फर्जी Aadhaar, छापेमारी में 400 कार्ड बरामद
मेष: दिन शुभ रहेगा...