Site icon Dainik Savera Times

IPL 2025: KKR vs PBKS, प्लेऑफ की राह में आएगा नया मोड़, इन खिलाड़ियों पर होंगी नजरें

कोलकाता: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 का 44वां मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा। प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए दोनों ही टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है। केकेआर जहां लगातार दो हार के बाद आत्मविश्वास की तलाश में है, वहीं पंजाब किंग्स अपने पिछले मुकाबले में हार के बावजूद पॉइंट्स टेबल में बेहतर स्थिति में है।

-पिछले रिकॉर्ड्स बनाम वर्तमान फॉर्म

अब तक आमने-सामने की भिड़ंतों में केकेआर का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों ने कुल 34 बार एक-दूसरे का सामना किया है, जिनमें से कोलकाता ने 21 मुकाबले जीते हैं। हालांकि हालिया प्रदर्शन की बात करें तो पंजाब ने केकेआर को इस सीजन की पहली भिड़ंत में मात दी थी और चहल की अगुवाई में 111 रनों का सफलतापूर्वक बचाव करते हुए इतिहास रच दिया था।

-इन खिलाड़ियों पर रहेगी खास नजर

वेंकटेश अय्यर बनाम मार्को जानसेन: वेंकटेश इस सीजन लय में नहीं दिखे हैं, और जानसेन के खिलाफ उनका रिकॉर्ड और भी चिंताजनक है। जानसेन ने उन्हें चार मुकाबलों में तीन बार आउट किया है। मिडल ओवरों में जानसेन की वापसी वेंकटेश की परेशानी बढ़ा सकती है।

श्रेयस अय्यर बनाम आंद्रे रसेल: श्रेयस ने सीजन की शुरुआत में रन बटोरे, लेकिन हाल में उनका बल्ला खामोश है। खास बात यह है कि रसेल के खिलाफ उनका स्ट्राइक रेट और औसत दोनों ही बेहद कम हैं। रसेल की गेंदों पर श्रेयस का औसत केवल 12.6 है। युजवेंद्र चहल की फिरकी का जादू: धीमी शुरुआत के बाद चहल शानदार फॉर्म में लौटे हैं। पिछले तीन मैचों में 7 विकेट, जिनमें केकेआर के खिलाफ 4 विकेट शामिल हैं, इस बात का सबूत हैं कि वो एक बार फिर कोलकाता की बल्लेबाजी को परेशानी में डाल सकते हैं।

-टीमों की कमजोर और मजबूत कड़ियां

केकेआर की बल्लेबाजी इस बार बिखरी हुई नजर आई है। अजिंक्य रहाणे और युवा अंगकृष रघुवंशी को छोड़ दें तो अन्य बल्लेबाज फ्लॉप रहे हैं। वहीं गेंदबाजी में हर्षति राणा, वरुण चक्रवर्ती और वैभव अरोड़ा ने प्रभावित किया है। पंजाब के पास पावरप्ले में तेजी से रन बनाने वाले प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य हैं, लेकिन गेंदबाजी में शुरुआती विकेट नहीं गिराना उनकी कमजोरी बनता जा रहा है।

-पिच और टॉस की भूमिका

ईडन गार्डन्स की पिच बल्लेबाजों को मदद देती है, लेकिन पिछले मैच में स्पिनर्स को टर्न मिला था। ओस की संभावना को देखते हुए टॉस अहम होगा। हो सकता है कि टीमें पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करें।

ये भी पढ़ें: बॉर्डर इलाके की किराना दुकान में बन रहा था फर्जी Aadhaar, छापेमारी में 400 कार्ड बरामद

Exit mobile version