Site icon Dainik Savera Times

IPL 2025: युद्ध जैसे हालात के बीच धर्मशाला में मुकाबला हुआ रद्द, टीमों को विशेष ट्रेन से भेजा गया

नई दिल्ली: भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव ने देश भर में चिंता की लहर दौड़ा दी है और इसका असर अब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 पर भी साफ दिखने लगा है। गुरुवार को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (एचपीसीए) स्टेडियम, धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच चल रहे मुकाबले को अचानक रोक दिया गया और खिलाड़ियों समेत सभी संबंधित लोगों को विशेष सुरक्षा प्रबंधों के तहत सुरक्षित स्थान पर भेजा गया।

मैच को 10.1 ओवर के बाद रोकना पड़ा, जब मैदान की फ्लड लाइट्स अचानक बुझने लगीं। लगभग 9:30 बजे के आसपास यह तकनीकी समस्या नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा का संकेत बनी। भारतीय सेना द्वारा हवा में ही पाकिस्तानी मिसाइलों और ड्रोनों को मार गिराए जाने के बाद इलाके में सुरक्षा चौकसी चरम पर पहुंच गई।

-सुरक्षित निकासी की आपात योजना लागू

बीसीसीआई और आईपीएल अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी खिलाड़ियों, स्टाफ, अंपायरों, कमेंटेटरों और प्रसारण दल को सुरक्षित बाहर निकालने की योजना लागू की। सूत्रों के अनुसार, इन सभी को रातोंरात एक विशेष ट्रेन के जरिए धर्मशाला से बाहर ले जाया गया। इस ट्रेन का गंतव्य और समय को सुरक्षा कारणों से गोपनीय रखा गया है।

आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल खुद मैदान पर मौजूद रहे और दर्शकों से शांति बनाए रखने की अपील करते नजर आए। दर्शकों को बिना किसी हंगामे के स्टेडियम खाली करने के निर्देश दिए गए, जिसे स्थानीय प्रशासन ने कुशलतापूर्वक निभाया।

-आगे का टूर्नामेंट अधर में लटका

सीमा पर तनाव की स्थिति को देखते हुए आईपीएल 2025 के बचे हुए 12 लीग मुकाबलों और प्लेऑफ के आयोजन पर भी सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। बीसीसीआई और केंद्र सरकार के बीच अगले 48 घंटों में होने वाली बैठक के बाद यह तय किया जाएगा कि मौजूदा सत्र को आगे बढ़ाया जाए या स्थगित कर दिया जाए।

-स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं अधिकारी

बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, “फिलहाल प्राथमिकता खिलाड़ियों और कर्मियों की सुरक्षा है। हालात सामान्य होते ही आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा।” इस अप्रत्याशित घटना ने खेल के मैदान में भी यह याद दिलाया कि राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि है। अब सभी की निगाहें सरकार और बीसीसीआई के अगले फैसले पर टिकी हैं।

ये भी पढ़ें- BREAKING : बंगाल चुनाव के लिए BJP ने जारी की 13 उम्मीदवारों की चौथी लिस्ट

Exit mobile version