Site icon Dainik Savera Times

IPL 2025 Mega Auction के लिए मंच तैयार, जानिए कब, कहां और कितने बजे शुरू होगी नीलामी

IPL 2025 Mega Auction : IPL 2025 के लिए मेगा नीलामी के लिए मंच तैयार है और सभी 10 फ्रेंचाइजी भी इसके लिए तैयार हैं। IPL नीलामी में कुल 577 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। नीलामी से पहले 10 टीमों ने अपनी रिटेंशन लिस्ट जारी की और कुल 46 खिलाड़ियों को रिटेन किया गया। गत चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और राजस्थान रॉयल्स ने अधिकतम छह खिलाड़ियों को रिटेन किया है और उनके पास राइट टू मैच (RTM) कार्ड उपलब्ध नहीं है।

नीलामी में हिस्सा लेने वाले 577 खिलाड़ियों में से 12 मार्की खिलाड़ी हैं जिन्हें दो सेटों में बांटा गया है। पता चला है कि नीलामी में सबसे पहले मार्की खिलाड़ी आएंगे। इसके बाद अन्य कैप्ड खिलाड़ियों के लिए बोलियां लगाई जाएंगी और फिर अनकैप्ड खिलाड़ियों की बारी आएगी।

दांव पर 577 खिलाड़ियों की किस्मत-
इस बार IPL 2025 के लिए मेगा प्लेयर ऑक्शन के लिए कुल 1574 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, लेकिन कुल 577 खिलाड़ियों का चयन हुआ, जिसमें से 367 भारतीय और 210 विदेशी खिलाड़ी हैं, जबकि तीन एसोसिएट देशों के हैं। इस बार कुल 331 अनकैप्ड खिलाड़ी भी अपनी किस्मत आजमाएंगे, जिसमें से 319 भारतीय और 12 विदेशी खिलाड़ी हैं। सभी 10 फ्रेंचाइजी 204 रिक्तियों के लिए बोली लगाएंगी।

नीलामी में शामिल होंगे बड़े नाम-
हाल ही में नीलामी से पहले सभी टीमों ने अपनी रिटेंशन लिस्ट जारी की थी। इस बार नीलामी में श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, केएल राहुल, अर्शदीप सिंह, जोस बटलर और मिशेल स्टार्क जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के लिए भी बोली लगेगी, जिन्हें अपनी टीम में रिटेन नहीं करने का फैसला किया है। श्रेयस की कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने IPL 2024 का खिताब जीता, लेकिन उन्हें नीलामी में शामिल किया जाएगा।

नीलामी में 5 कप्तान भी-
इस बार नीलामी में पिछले सीजन तक अपनी टीमों की अगुआई कर रहे पांच खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें श्रेयस, पंत, राहुल, फाफ डु प्लेसिस और सैम कुरेन शामिल हैं। श्रेयस ने कोलकाता, पंत ने दिल्ली कैपिटल्स, राहुल ने लखनऊ सुपरजाइंट्स, डु प्लेसिस ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) और करन ने पंजाब किंग्स की अगुआई की।

आइए जानते हैं IPL 2025 के लिए खिलाड़ियों की मेगा नीलामी से जुड़ी सभी जानकारी :

ऑक्शन कब होगा?
24 और 25 नवंबर को होगी IPL 2025 के लिए खिलाड़ियों की मेगा नीलामी ।

कहां होगी नीलामी ?
सऊदी अरब के जेद्दा में होगा IPL 2025 के लिए मेगा प्लेयर ऑक्शन।

कब शुरू होगा मेगा प्लेयर ऑक्शन ?
मेगा प्लेयर नीलामी दोपहर 3:30 बजे IST से शुरू होगी।

किस टीवी चैनल पर देख सकते हैं नीलामी?
स्टार स्पोर्ट्स के पास है IPL 2025 के लिए नीलामी के टीवी प्रसारण अधिकार।

कहां होगी लाइव स्ट्रीमिंग ?
खिलाड़ियों की मेगा नीलामी को जियो सिनेमा ऐप पर ऑनलाइन देखा जा सकता है।

Exit mobile version