Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

IPL 2026, CSK vs PBKS: पंजाब ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, चेन्नई पहले करेगी बैटिंग (प्लेइंग XI)

April 3, 2026

IPL 2026, CSK vs PBKS: पंजाब ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, चेन्नई पहले करेगी बैटिंग (प्लेइंग XI)

खेल डेस्क: आईपीएल 2026 में आज चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच एक अहम मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच चेन्नई के एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में होगा। इसी बीच, पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है और चेन्नई को बल्लेबाजी के लिए बुलाया है। दोनों टीमों के लिए यह मैच काफी महत्वपूर्ण है। एक तरफ चेन्नई वापसी करना चाहेगी, तो दूसरी ओर पंजाब अपनी जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी। पिच और मौसम को देखते हुए यह मैच आखिरी ओवर तक जा सकता है।

हम पहले गेंदबाज़ी करेंगे, हम बस अपनी पूरी क्षमता से खेलना: अय्यर

पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, ”हम पहले गेंदबाज़ी करेंगे। यह उनके घरेलू मैदान पर उनका पहला मैच है, इसलिए मैच कैसा रहता है, इस बात का दबाव उन्हीं पर होगा। मैं बस बातचीत करते समय सकारात्मक, शांत और संयमित रहना चाहता हूँ, और नकारात्मकता से बचना चाहता हूँ। हमारी टीम की लाइन-अप को देखते हुए, इससे हमें बहुत ज़्यादा आत्मविश्वास मिलता है; उनकी टीम अच्छी है और लगातार अच्छा खेल रही है, और हम बस अपनी पूरी क्षमता से खेलना चाहते हैं। जब हालात मुश्किल हों, तो मैं गेंदबाज़ों का सामना करना चाहता हूँ; मैं नहीं चाहता कि गेंदबाज़ हम पर हावी हों। इस बार भी मैं इसी सोच के साथ मैदान पर उतरना चाहता हूँ। हम उसी टीम के साथ खेल रहे हैं।”

पिच थोड़ी सूखी है, नहीं लगता इसमें ज़्यादा बदलाव आएगा- ऋतुराज 

ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा, ”ऐसा लग रहा है कि पिच थोड़ी सूखी है; मुझे नहीं लगता कि इसमें बहुत ज़्यादा बदलाव आएगा। अभी अप्रैल की शुरुआत है, इसलिए ओस का कोई खास असर नहीं पड़ना चाहिए। बोर्ड पर रन बनाना और फिर उन्हें डिफेंड करना अच्छा रहेगा। पिछले सीज़न में हमारा समय थोड़ा मुश्किल रहा था, कुछ गलतियाँ और चूकें हुईं, जो T20 गेम में हो सकती हैं। लेकिन वह सब अब पुरानी बात हो गई; अब बात है हर गेम को एक-एक करके लेने और हर एक पर एक समय में फोकस करने की। CSK फ्रेंचाइज़ी के लिए यही सबसे अहम बात रही है: एक मज़बूत टॉप ऑर्डर और ओपनर्स द्वारा अच्छी शुरुआत। संजू सैमसन के साथ मेरी पार्टनरशिप का भी यही कारण था। एक बदलाव है, प्रशांत वीर की जगह मैट शॉर्ट आए हैं।”

CSK अपनी पहली जीत की तलाश में

चेन्नई सुपर किंग्स की बात करें तो टीम अपना पहला मैच हार चुकी है और अब वह अपनी पहली जीत की तलाश में है। पिछले मुकाबले में राजस्थान के खिलाफ CSK का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था न बल्लेबाजी चली और न ही गेंदबाजी। ऐसे में अपने घरेलू मैदान पर टीम मजबूत वापसी करना चाहेगी। दूसरी ओर, पंजाब किंग्स ने अपने पहले मैच में शानदार जीत हासिल की थी। कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में टीम ने अच्छा संतुलन दिखाया और दबाव में भी मैच जीतने की क्षमता दिखाई। पंजाब इस मैच में अपनी जीत की लय को जारी रखना चाहेगी। यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।

हेड टू हेड रिकॉर्ड:

CSK और PBKS के बीच मुकाबला हमेशा कड़ा रहता है। अब तक दोनों टीमों ने 32 मैच खेले हैं, जिसमें दोनों ने 16-16 मैच जीते हैं। लेकिन हाल के मुकाबलों में पंजाब का पलड़ा भारी रहा है—पिछले 7 में से 6 मैच पंजाब ने जीते हैं।

मौसम का हाल:

चेन्नई में दिन के समय गर्मी रहेगी और तापमान करीब 34°C तक जा सकता है। शाम को तापमान थोड़ा गिरकर 26°C के आसपास रहेगा। मैच के दौरान ओस (Dew) का असर देखने को मिल सकता है, जिससे गेंदबाजों को परेशानी हो सकती है। अच्छी बात यह है कि बारिश की कोई संभावना नहीं है।

पिच रिपोर्ट :

चेन्नई की पिच आमतौर पर स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार होती है। हालांकि अब यहां बल्लेबाज भी रन बना सकते हैं, लेकिन शुरुआत में संभलकर खेलना जरूरी होता है। पहली पारी का औसत स्कोर 160-165 रन। ओस के कारण दूसरी पारी में बल्लेबाजी आसान हो सकती है। टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।

दोनों टीमें

पंजाब किंग्स : प्रभसिमरन सिंह (विकेट कीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, नेहाल वढेरा, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जेनसन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाख, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल.

चेन्नई सुपर किंग्स : संजू सैमसन (विकेट कीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, मैट हेनरी, खलील अहमद.

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें