Site icon Dainik Savera Times

IPL 2026: LSG डायरेक्टर के बयान से मचा हड़कंप, ‘अगले सीजन में नए कप्तान के साथ मैदान में उतर सकती है टीम’

lsg team

खेल डेस्कः आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। टीम पूरे सीजन में लय हासिल नहीं कर पाई और पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे की टीमों में शामिल रही। लगातार दूसरे साल खराब प्रदर्शन के बाद अब फ्रेंचाइजी के अंदर बड़े बदलाव की चर्चाएं तेज हो गई हैं। सबसे ज्यादा सवाल कप्तानी को लेकर उठ रहे हैं और माना जा रहा है कि आने वाले समय में ऋषभ पंत की कप्तानी पर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।

पंजाब किंग्स के खिलाफ हार के बाद टीम के ग्लोबल डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी ने साफ संकेत दिए कि टीम अब “रीसेट” मोड में जाएगी। उन्होंने कहा कि कप्तानी से लेकर टीम के हर विभाग की समीक्षा होगी और भविष्य को देखते हुए बड़े फैसले किए जा सकते हैं।

टॉम मूडी ने दिए बदलाव के संकेत
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में टॉम मूडी ने कहा कि टीम इस सीजन अपने तय मानकों पर खरी नहीं उतर पाई। उन्होंने माना कि कप्तानी का दबाव ऋषभ पंत की बल्लेबाजी पर भी असर डाल सकता है। मूडी ने कहा कि टीम किसी एक खिलाड़ी को हार के लिए जिम्मेदार नहीं मान रही, लेकिन पूरे सीजन का गहराई से आकलन किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि फ्रेंचाइजी अब नई शुरुआत करने पर विचार कर रही है। उनके बयान के बाद यह चर्चा और तेज हो गई कि अगले सीजन में LSG नए कप्तान के साथ मैदान में उतर सकती है।

ऋषभ पंत का कप्तानी रिकॉर्ड रहा निराशाजनक
ऋषभ पंत की कप्तानी में लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। अब तक उनकी कप्तानी में टीम ने 28 मुकाबले खेले हैं, जिनमें सिर्फ 10 मैचों में जीत मिली, जबकि 18 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। इतने खराब रिकॉर्ड के बाद अब फ्रेंचाइजी के अंदर कप्तानी बदलने की मांग भी उठने लगी है। क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना है कि लगातार हार का असर पंत के आत्मविश्वास और बल्लेबाजी दोनों पर पड़ा।

बल्ले से भी नहीं चला पंत का जादू
ऋषभ पंत अपने आक्रामक बल्लेबाजी अंदाज के लिए जाने जाते हैं, लेकिन पिछले दो सीजन में उनका प्रदर्शन फीका रहा। दिल्ली कैपिटल्स के लिए 2018 और 2019 में शानदार बल्लेबाजी करने वाले पंत LSG के लिए वैसा असर नहीं छोड़ पाए। पिछले दो सीजन में उन्होंने सिर्फ 581 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत और स्ट्राइक रेट भी उनके पुराने रिकॉर्ड से काफी कम रहा। कई अहम मैचों में टीम को उनसे बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके।

टीम मैनेजमेंट में ज्यादा दखल की चर्चा
सीजन के दौरान खुद ऋषभ पंत ने भी इशारों में कहा था कि टीम के लीडरशिप ग्रुप में बहुत ज्यादा लोगों का हस्तक्षेप है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फैसले लेने में कई बार दिक्कतें सामने आईं, जिससे टीम का माहौल भी प्रभावित हुआ। वहीं हेड कोच जस्टिन लैंगर ने भी आखिरी मुकाबले के बाद टीम के प्रदर्शन पर निराशा जताई थी। इससे यह साफ नजर आया कि फ्रेंचाइजी के अंदर सबकुछ ठीक नहीं चल रहा।

KL राहुल के बाद फिर कप्तानी विवाद?
अगर LSG ऋषभ पंत से कप्तानी वापस लेती है, तो यह टीम में कप्तानी को लेकर दूसरा बड़ा विवाद माना जाएगा। इससे पहले केएल राहुल ने भी टीम छोड़ने के बाद फ्रेंचाइजी के माहौल को लेकर अप्रत्यक्ष नाराजगी जाहिर की थी। अब सभी की नजर इस बात पर है कि IPL 2027 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स किस दिशा में आगे बढ़ती है। क्या टीम ऋषभ पंत पर भरोसा बनाए रखेगी या फिर नए कप्तान के साथ नई शुरुआत करेगी, यह आने वाले महीनों में साफ हो जाएगा।

 

Exit mobile version