IPL 2027 registered players: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बताया है कि आईपीएल 2027 के लिए होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी के लिए ऑक्शन रजिस्टर में कुल 1,220 खिलाड़ियों के नाम दर्ज हैं। इसमें 939 भारतीय खिलाड़ी हैं, जबकि 281 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। विदेशी खिलाड़ी 17 अलग-अलग देशों से संबंध रखते हैं।
आईपीएल 2027 के लिए होने वाली नीलामी से पहले सभी 10 फ्रेंचाइजियों ने 184 खिलाड़ियों को रिटेन कर लिया है या चुन लिया है। नीलामी में ज्यादा से ज्यादा 66 स्लॉट्स भरे जा सकते हैं, जिनमें 25 विदेशी खिलाड़ी हो सकते हैं।
नीलामी में 925 इंडियन अनकैप्ड प्लेयर्स होंगे शामिल
रजिस्टर में 184 कैप्ड प्लेयर्स, 994 अनकैप्ड प्लेयर्स और एसोसिएट नेशंस के 42 प्लेयर्स शामिल हैं। अनकैप्ड प्लेयर्स में 925 इंडियन हैं, जिनमें 127 ऐसे हैं जो पिछले आईपीएल सीजन में खेल चुके हैं। ओवरसीज रजिस्ट्रेशन में ऑस्ट्रेलिया 53 खिलाड़ियों के साथ सबसे आगे है। उसके बाद साउथ अफ्रीका (40), वेस्टइंडीज (36), न्यूजीलैंड (25) और अफगानिस्तान (23) हैं।
ये भी पढ़ें- तूफानी पारी के बाद वैभव सूर्यवंशी का बड़ा खुलासा, कहा- मैच से पहले युवराज सिंह से फोन पर की थी बात
4 दिसंबर को जारी की जाएगी फाइनल ऑक्शन लिस्ट
इस लिस्ट में एसोसिएट नेशंस के खिलाड़ी भी हैं, जिसमें यूएसए ने 13 रजिस्ट्रेशन किए हैं। उसके बाद यूएई और नेपाल ने 10-10 रजिस्ट्रेशन किए हैं। फ्रेंचाइजी अब ऑक्शन रजिस्टर से उन खिलाड़ियों के नाम सबमिट करेंगी, जिन्हें वे फाइनल प्लेयर पूल में शामिल करना चाहते हैं। फाइनल ऑक्शन लिस्ट, प्लेयर सेट के साथ, 4 दिसंबर को जारी की जाएगी।
गोवा में होगी नीलामी
आईपीएल 2027 के लिए नीलामी 16 दिसंबर 2026 को सुबह 11 बजे से गोवा में होगी। अगले सीजन के लिए खिलाड़ियों को रिटेन करने की आखिरी तिथि 17 नवंबर थी। रिटेंशन से पहले कुछ बड़े ट्रेड देखने को मिले। 2024 से 2026 तक मुंबई इंडियंस की कप्तानी करने वाले हार्दिक पांड्या अब पंजाब किंग्स का हिस्सा हैं। वहीं, 2019 से पंजाब किंग्स का हिस्सा बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अब मुंबई इंडियंस से जुड़ चुके हैं।
हर्षल पटेल अब सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) की जगह गुजरात टाइटंस का हिस्सा होंगे, जबकि टी. नटराजन डीसी की जगह एसआरएच में पहुंच गए हैं। मोहम्मद शमी एलएसजी से राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और सैम करन आरआर से एलएसजी में पहुंच चुके हैं। इससे पहले ट्रेड के माध्यम से ऋषभ पंत लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) से दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) और कुलदीप यादव डीसी से एलएसजी में जा चुके हैं।

