बेंगलूर/गुवाहाटी : आईपीएल प्लेऑफ से पहले एक बड़े विवाद में, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) पर 10,000 से ज्यादा अतिरिक्त मुफ्त टिकटों की मांग करने का आरोप लगाया, जिसमें विधायकों, एमएलसी और कर्नाटक सरकार के लिए कोटा भी शामिल था -जिसकी वजह से बोर्ड को बेंगलूर से आईपीएल फाइनल और प्लेऑफ मैचों की मेजबानी छीननी पड़ी।
चौंकाने वाले खुलासे करते बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि बोर्ड केएससीए की मांगों के पैमाने से हैरान था, जो कथित तौर पर आईपीएल नियमों और सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों के तहत अनुमत 15 प्रतिशत मुफ्त टिकट कोटे से कहीं ज्यादा थीं।
बीसीसीआई ने आधिकारिक तौर पर आईपीएल फाइनल को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शिफ्ट कर दिया। सैकिया ने कहा कि विवाद तब शुरू हुआ जब बीसीसीआई ने 1 मई को केएससीए को एक ईमेल भेजा, जिसमें दोहराया गया था कि मेजबान राज्य संघों को स्टेडियम की कुल क्षमता का सिर्फ 15 प्रतिशत ही मुफ्त टिकटों के तौर पर मिल सकता है। बाकी सभी टिकट आम जनता के लिए ऑनलाइन बेचे जाने चाहिए।

