चेन्नई: चेन्नई सुपर किंग्स प्ले ऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुका है लेकिन वह पंजाब किंग्स के खिलाफ बुधवार को होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में अच्छा प्रदर्शन करके अपनी किस्मत बदलने की कोशिश करेगा। 5 बार की चैंपियन चेन्नई के लिए यह सत्र निराशाजनक रहा है और वह 9 मैचों में से सिर्फ 2 जीत के साथ तालिका में सबसे नीचे है। दूसरी तरफ पंजाब किंग्स 9 मैचों में 5 जीत के साथ 5वें स्थान पर है और वह लगातार हार से निराश चेन्नई के खिलाफ जीत दर्ज करके अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगा।
चेन्नई के लिए सबसे निराशाजनक बात लंबे समय से उसके गढ़ माने जाने वाले चेपक में घरेलू परिस्थितियों से सामंजस्य से बिठाने में असफल रहना है। चेन्नई की टीम प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी धुंधली उम्मीदों को बरकरार रखने के लिए टूर्नामैंट की अपनी तीसरी जीत दर्ज करने के लिए बेताब होगी। यहां तक कि महेंद्र सिंह धोनी जैसा करिश्माई खिलाड़ी भी कोहनी की चोट के कारण बाहर होने वाले रुतुराज गायकवाड़ से कप्तानी संभालने के बाद टीम में जोश भरने में नाकाम रहा है।
धोनी ने स्वीकार किया कि चेन्नई की टीम अभी तक सही संयोजन तैयार करने में असफल रही है। इस मैच में कुछ खिलाड़ियों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है।
चेन्नई के युवा खिलाड़ी आयुष म्हात्रे जब पावरप्ले में अर्शदीप सिंह का सामना करेंगे तो वह दमदार प्रदर्शन करना चाहेंगे। बीच के ओवरों में सबसे मनोरंजक जंग शिवम दुबे और युजवेंद्र चहल के बीच होने की उम्मीद है। चहल शानदार फॉर्म में हैं और यह देखना दिलचस्प होगा कि चेन्नई का मध्य क्रम उनकी चुनौती से कैसे पार पाता है। प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने पंजाब को शानदार शुरुआत दिलाई है और इन दोनों पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद पर होगी।
कप्तान श्रेयस अय्यर के रूप में पंजाब को एक ऐसा बल्लेबाज मिला है जो अच्छी तरह से सूत्रधार की भूमिका निभाता है। चेन्नई के स्पिनर नूर अहमद को उनके खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। धोनी 43 साल का होने के बावजूद मैच का सकारात्मक अंत करने में सक्षम हैं लेकिन विजय शंकर, दीपक हुड्डा और राहुल त्रिपाठी जैसे भारतीय बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करने की जरूरत है। गेंदबाजी में रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन और मथीशा पथिराना के संघर्ष से भी चेन्नई को मदद नहीं मिली है। पंजाब के पास मार्को यानसेन के रूप में बहुत अच्छा ऑलराऊंडर है, जबकि गेंदबाजी इकाई का नेतृत्व अर्शदीप और चहल करेंगे।
ये भी पढ़ें- हेल्थ अलर्ट: खाली पेट धूप में निकलना पड़ सकता है भारी, अपनाएं ये सावधानियां
मेष: दिन शुभ रहेगा...