मुंबई : इंटरनैशनल क्रिकेट में ईशान किशन की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता उन्हें रैड-बॉल क्रिकेट (टैस्ट) में जगह दिला सकती है, हालांकि अभी उनका चयन पक्का नहीं है, लेकिन इस बात की संभावना है कि नवंबर के आखिर में न्यूजीलैंड में होने वाले 2 टैस्ट मैचों के लिए उन पर विचार किया जा सकता है। सिलैक्शन कमेटी की बैठक इस हफ्ते होने की उम्मीद है। ऋषभ पंत : जो भारतीय टैस्ट क्रिकेट में मैच जिताने वाले खिलाड़ी और रैड-बॉल के दिग्गज माने जाते हैं और ध्रुव जुरेल भी टीम में शामिल हैं।
ऐसे में टीम में तीसरे विकेटकीपर-बल्लेबाज को शामिल करना शायद जरूरी न समझा जाए, लेकिन टीम मैनेजमैंट और इससे जुड़े लोगों के बीच एक सोच यह भी है कि टैस्ट टीम में वापसी के लिए ईशान किशन का दावा मजबूत है। दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन टीम की कप्तानी करते ईशान ने फाइनल में साऊथ जोन के खिलाफ 270 और 80 रनों की शानदार पारियां खेलकर अपनी टीम को खिताब जिताया। 3 मैचों में उन्होंने 100 से ज्यादा की औसत से कुल 409 रन बनाए।
यह देखना दिलचस्प होगा कि नैशनल सिलैक्शन कमेटी 3 विकेटकीपरों वाली स्थिति को कैसे संभालती है, लेकिन जब सिलैक्टर न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम चुनने बैठेंगे, तो ज्यादातर चर्चा ईशान पर ही होगी। न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में होने वाले 2 टैस्ट मैचों के लिए आकाश दीप को एक अहम बॉलर माना जा रहा है, जबकि मुकेश कुमार भी दौड़ में हैं, जिन्होंने हाल ही में खत्म हुए ईरानी कप में ‘रैस्ट ऑफ इंडिया’ को जीत दिलाई थी। हर्षित राणा ने भी सैंटर ऑफ एक्सीलैंस (सीओई) में बॉलिंग शुरू कर दी है। जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और गुरनूर बराड़ का खेलना लगभग तय है और प्रसिद्ध कृष्णा की स्थिति में भी सुधार हो रहा है।

