बर्मिंघम: जसप्रीत बुमराह दूसरे टैस्ट में नहीं खेले थे और फिर भी इंगलैंड को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा और अब बेन स्टोक्स तथा उनके साथियों को लॉर्डस में भारत के शीर्ष तेज गेंदबाज की विविधता के लिए तैयार रहना होगा जिसके बारे में घरेलू कप्तान ने भी स्वीकार किया है कि इन्हें नैट पर दोहराना मुश्किल है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने पुष्टि की कि 10 जुलाई से शुरू हो रहे तीसरे टैस्ट के लिए दुनिया के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज की टीम में वापसी होगी और स्टोक्स से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘मुझे लगा कि मैं जसप्रीत बुमराह के बारे में पूछे बिना ही प्रैस कांफ्रैंस पूरी कर लूंगा। हम एक-दूसरे के खिलाफ इतनी बार खेलते हैं कि आपको पता होता है कि आपका सामना किससे होगा इसलिए आप ट्रेनिंग के दौरान इसका अभ्यास करते हैं।’
उन्होंने कहा, ‘कोच और साइडआर्म ट्रेनर के साथ आप जो कर सकते हैं उसे करने की कोशिश करें, क्रीज पर बाहर की तरफ से गेंदबाजी का सामना करें, उनके गेंदबाजी आक्रमण की तरह खुद को अभ्यास देने की कोशिश करें लेकिन किसी मैच में आपके सामने आने वाली चीजों को दोहराना हमेशा कठिन होता है।’ स्टोक्स ने इसकी पुष्टि नहीं की कि उनके तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर तीसरे टैस्ट में खेलेंगे। स्टोक्स का मानना है कि एक टीम के रूप में इंगलैंड को संयमित रहना होगा और मेजबान टीम को जीत के बाद न तो बहुत अधिक उत्साहित होना होगा और न ही हार के बाद बहुत अधिक हताश होना होगा।

