Site icon Dainik Savera Times

जडेजा ने रन के लिए बुलाने के गलत फैसले के लिए सरफराज को रन आउट कराने के लिए माफी मांगी

भारत के अनुभवी ऑलराउंडर रविन्द्र जडेजा ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन गुरुवार को रन के लिए बुलाने के गलत फैसले के लिए सरफराज खान से माफी मांगी जिसके कारण पदार्पण कर रहा यह बल्लेबाज रन आउट हो गया था। सरफराज ने 66 गेंद में 62 रन की पारी खेली और वह आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे थे लेकिन तेजी से एक रन लेने के लिए बुलाने के जडेजा के गलत फैसले के कारण वह गेंदबाजी छोर पर रन आउट हो गए।

जडेजा ने 212 गेंद में नाबाद 110 रन बनाए जिससे भारत ने दिन का खेल खत्म होने तक पांच विकेट पर 326 रन बनाए। जडेजा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर लिखा, ‘‘सरफराज खान के लिए बुरा लग रहा है। यह मेरा गलत फैसला था, आप अच्छा खेले।’’ घरेलू क्रिकेट में ढेरों रन बटोरने वाले सरफराज को भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए वर्षों तक इंतजार करना पड़ा है। उन्हें विशाखापत्तनम में दूसरे टेस्ट से पहले भारतीय टीम में शामिल किया गया था।

Exit mobile version