Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

अल्टीमेट टेबल टेनिस की नयी फ्रेंचाइजी बनी जयपुर पैट्रियट्स

August 23, 2023

अल्टीमेट टेबल टेनिस की नयी फ्रेंचाइजी बनी जयपुर पैट्रियट्स

मुंबई: अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) ने वर्ल्ड आफ क्रिडा प्राइवेट लिमिटेड के स्वामित्व वाली जयपुर पैट्रियट्स का सातवीं फ्रेंचाइजी के रूप में लीग में स्वागत किया है। यूटीटी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। भारतीय टेबल टेनिस महासंघ (टीटीएफआई) के तत्वावधान में नीरज बजाज और वीटा दानी द्वारा प्रवर्तित फ्रेंचाइजी-आधारित लीग का चौथा सीजन जुलाई में आयोजित हुआ।

बजाज ने नयी फ्रेंचाइजी की घोषणा करते हुए कहा, ‘‘हम जयपुर पैट्रियट्स को यूटीटी में शामिल करने की घोषणा करते हुए रोमांचित हैं। सातवीं टीम के शामिल होने से प्रतिस्पर्धा का स्तर बढ़ेगा। पिछले कुछ वर्षों में यूटीटी ने जिस तरह से आकार लिया है, हम आने वाले समय में बड़े और बेहतर सीज़न की उम्मीद करते हैं।’’

जयपुर पैट्रियट्स सीजन पांच में गोवा चैलेंजर्स, चेन्नई लायंस, दबंग दिल्ली टीटीसी, यू मुंबा टीटी, बेंगलुरु स्मैशर्स और पुनेरी पलटन टेबल टेनिस सहित छह टीमों के साथ खिताब के लिये अपनी दावेदारी पेश करेगी। यह फ्रेंचाइजी लीग की पहुंच को एक राज्य तक बढ़ाएगी और देश में खेल को और अधिक लोकप्रिय बनाने में सक्षम बनाएगी।

वीटा दानी ने कहा, ‘‘अल्टीमेट टेबल टेनिस वर्ल्ड आफ क्रिडा प्राइवेट लिमिटेड का हमारे परिवार में स्वागत करता है। उनका आगमन इस बात का प्रमाण है कि यूटीटी पिछले कुछ वर्षों में कैसे विकसित हुआ है और यह कैसे बढ़ता रहेगा। हम टेबल टेनिस के खेल को बढ़ावा देने के लिये प्रतिबद्ध हैं और हमें विश्वास है कि जयपुर पैट्रियट्स हमें इस खेल को एक नये क्षेत्र में ले जाने में मदद करेगा।’’

जयपुर पैट्रियट्स की सह-मालिक परिना पारेख ने कहा, ‘‘हमें अल्टीमेट टेबल टेनिस में हमारी टीम जयपुर पैट्रियट्स को शामिल करके पैट्रियट्स परिवार का विस्तार करने पर गर्व है। एक संगठन के रूप में हमारा उद्देश्य भारत और विश्व स्तर पर विभिन्न खेलों की पहुंच का विस्तार करना है। हमें विश्वास है कि निकट भविष्य में हम यूटीटी में न केवल राज्य की सर्वश्रेष्ठ पैडलिंग प्रतिभाओं के लिये बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर खेल के लिये मंच बनेंगे।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें