Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में 4 विकेट लेते ही ‘बुमराह’ ने तोड़े कई रिकॉर्ड, इस दिग्गज को छोड़ा पीछे

March 9, 2026

T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में 4 विकेट लेते ही ‘बुमराह’ ने तोड़े कई रिकॉर्ड, इस दिग्गज को छोड़ा पीछे

Jasprit Bumrah: T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अपनी घातक गेंदबाजी से मैच का रुख ही बदल दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में बुमराह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट झटके और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनकी इस शानदार गेंदबाजी ने न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। दमदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

बुमराह ने हासिल की ऐतिहासिक उपलब्धि
जसप्रीत बुमराह ने इस प्रदर्शन के साथ एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। इससे पहले वह T20 वर्ल्ड कप 2024 में भी भारत की जीत के अहम नायक रहे थे और उस टूर्नामेंट में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए थे। अब वह शाहिद अफरीदी, सैम करन और विराट कोहली के बाद चौथे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने T20 वर्ल्ड कप के फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच और पूरे टूर्नामेंट में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का सम्मान हासिल किया है।

फाइनल इतिहास का दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
फाइनल मुकाबले में बुमराह का 4 विकेट लेकर सिर्फ 15 रन देना T20 वर्ल्ड कप फाइनल इतिहास का दूसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन बन गया है। इस सूची में शीर्ष स्थान श्रीलंका के अजंता मेंडिस के नाम है, जिन्होंने 2012 के फाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ 12 रन देकर 4 विकेट लिए थे।

ये भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड में होगा अगले ‘T20 वर्ल्ड कप 2028’ का आयोजन, इन 12 टीमों ने जगह की पक्की

 

सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन

अजंता मेंडिस – 4/12 बनाम वेस्टइंडीज
जसप्रीत बुमराह – 4/15 बनाम न्यूजीलैंड
सुनील नरेन – 3/9 बनाम श्रीलंका
सैम करन – 3/12 बनाम पाकिस्तान
इरफान पठान – 3/16 बनाम पाकिस्तान

तेज गेंदबाजों में बने नंबर-1
T20 वर्ल्ड कप 2026 में बुमराह ने कुल 14 विकेट लिए और भारत के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के साथ संयुक्त रूप से टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। इस शानदार प्रदर्शन के साथ बुमराह के नाम अब T20 वर्ल्ड कप इतिहास में कुल 40 विकेट हो गए हैं। वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने श्रीलंका के दिग्गज गेंदबाज लसिथ मलिंगा का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिनके नाम 38 विकेट थे।

ये भी पढ़ें- न्यूजीलैंड ने गिफ्ट में दे दिया ‘विश्व कप’, भारत की जीत को पचा नहीं पा रहे मोहम्मद आमिर

 

T20 वर्ल्ड कप में सबसे अधिक विकेट लेने वाले फास्ट बॉलर

जसप्रीत बुमराह – 40
एनरिक नॉर्खिया – 38
लसिथ मलिंगा – 38
टिम साउदी – 36
अजंता मेंडिस – 36

फाइनल में बुमराह की घातक गेंदबाजी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े मैचों में उनका प्रदर्शन और भी खतरनाक हो जाता है। यही वजह है कि वह मौजूदा दौर के सबसे भरोसेमंद तेज गेंदबाजों में गिने जाते हैं और भारत की T20 वर्ल्ड कप जीत के सबसे बड़े नायकों में शामिल रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें