Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

ऑस्ट्रेलिया के धुरंधरों को चटाई धूल, जबरदस्त स्ट्राइक के साथ पूरे किए 80 विकेट, Jayden Seales ने ग्राउंड पर बिखेरा जलवा

June 26, 2025

ऑस्ट्रेलिया के धुरंधरों को चटाई धूल, जबरदस्त स्ट्राइक के साथ पूरे किए 80 विकेट, Jayden Seales ने ग्राउंड पर बिखेरा जलवा

Jayden Seales : वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जेडन सील्स ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में शानदार गेंदबाजी की। बारबाडोस में खेले जा रहे मैच की पहली पारी में सील्स ने सिर्फ 15.5 ओवर गेंदबाजी करते हुए 60 रन देकर पांच विकेट चटकाए। इस दौरान उन्होंने एक ओवर मेडन भी फेंका। इसके अलावा, जेडन सील्स ने 19 टेस्ट की 35 पारियों में 37.90 की स्ट्राइक रेट से 80 विकेट चटकाए। टेस्ट इतिहास में, जेडन सील्स से बेहतर स्ट्राइक रेट केवल जॉर्ज लोहमैन के नाम है, जिन्होंने कम से कम 75 विकेट लिए हैं।

जॉर्ज लोहमैन ने जुलाई 1886 से जून 1896 तक इंग्लैंड के लिए 18 टेस्ट खेले, जिसमें उन्होंने 34.1 की औसत से 112 विकेट लिए। लोहमैन एक टेस्ट पारी में नौ विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं। टेस्ट क्रिकेट में कुलदीप यादव का स्ट्राइक रेट 37.37 है, जबकि जॉन फेरिस का स्ट्राइक रेट 37.73 है, लेकिन इन गेंदबाजों ने टेस्ट क्रिकेट में क्रमश: 56 और 61 विकेट लिए हैं।

वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच बारबाडोस में खेले जा रहे इस मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया अपनी पहली पारी में 56.5 ओवर ही खेल सका। टीम महज 180 रन पर ढेर हो गई।

ऑस्ट्रेलिया ने 22 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। यहां से उस्मान ख्वाजा ने चौथे विकेट के लिए ट्रैविस हेड के साथ 89 रनों की साझेदारी की। उस्मान ख्वाजा 128 गेंदों में 47 रन बनाकर आउट हुए, जबकि ट्रैविस हेड ने 78 गेंदों में 59 रन बनाए। इनके अलावा कप्तान पैट कमिंस ने 18 गेंदों में 28 रन बनाए। घरेलू टीम के लिए जेडन सील्स ने सबसे ज्यादा पांच विकेट लिए, जबकि शमर जोसेफ ने चार विकेट लिए। जस्टिन ग्रीव्स ने बाकी का विकेट लिया।

जवाब में वेस्टइंडीज की टीम ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 20 ओवर खेल लिए हैं। इस टीम ने अब तक 57 रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिशेल स्टार्क ने दो विकेट लिए हैं, जबकि जोश हेजलवुड और पैट कमिंस ने एक-एक विकेट लिया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें