Dainik Savera Times

John Cena Retirement : महान रेसलर John Cena ने हार के साथ रिंग से ली आखिरी विदाई, दर्शक हुए भावुक  

खेल डेस्क। डब्ल्यूडब्ल्यूई के सबसे बड़े और लोकप्रिय रेसलरों में गिने जाने वाले जॉन सीना का शानदार करियर जीत के साथ खत्म नहीं हो सका। अपने करियर की आखिरी फाइट में जॉन सीना को रविवार को गनथर के हाथों हार का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला भावनाओं से भरा हुआ था, जहां एक महान रेसलर ने रिंग को आखिरी बार अलविदा कहा। मैच की शुरुआत से ही गनथर ने जॉन सीना पर दबाव बनाए रखा। गनथर ने अपनी ताकत और रणनीति का इस्तेमाल करते हुए सीना को धीरे-धीरे कमजोर किया। मुकाबले के आखिरी पलों में गनथर ने स्लीपर लॉक लगाया, जिससे सीना पूरी तरह थक चुके नजर आए। ऐसा लग रहा था कि उनकी सारी ताकत खत्म हो चुकी है।

सीना ने दिखाया अपना जज़्बा
हालांकि हार से पहले जॉन सीना ने भी अपने पुराने अंदाज में कुछ शानदार दांव लगाए। उन्होंने गनथर को अपने कंधों पर उठाकर जोरदार तरीके से रिंग में पटका। इस पल ने दर्शकों को एक बार फिर याद दिला दिया कि क्यों जॉन सीना को WWE का दिग्गज माना जाता है। लेकिन आखिर में गनथर की ताकत और पकड़ के सामने सीना की हिम्मत जवाब दे गई।

रिंग में छोड़ गए यादगार निशान
हार के बाद जॉन सीना ने अपनी टी-शर्ट और रिस्टबैंड रिंग में ही छोड़ दिए। यह पल दर्शकों के लिए बेहद भावुक था। इसके बाद सीना ने चारों तरफ मौजूद फैंस का अभिवादन किया और भारी तालियों के बीच रिंग से बाहर चले गए। यह उनके करियर का सबसे भावनात्मक पल बन गया।

दिग्गज रेसलरों ने दी भावभीनी विदाई
जॉन सीना के आखिरी मुकाबले के बाद डब्ल्यूडब्ल्यूई के कई बड़े और दिग्गज रेसलर उन्हें सम्मान देने पहुंचे। लॉकर रूम में मौजूद सभी रेसलरों ने आकर सीना को उनके बेहतरीन और यादगार करियर के लिए बधाई दी। इस मौके पर ट्रिपल एच, स्टैफनी मैक्मोहन, सीएम पंक, कोडी रोड्स और द अंडरटेकर जैसे महान नाम भी शामिल थे।

एक युग का हुआ अंत
जॉन सीना का जाना डब्ल्यूडब्ल्यूई के एक सुनहरे दौर के खत्म होने जैसा है। भले ही उनका आखिरी मुकाबला जीत के साथ खत्म नहीं हुआ, लेकिन उन्होंने जो पहचान, सम्मान और प्यार कमाया, वह हमेशा फैंस के दिलों में जिंदा रहेगा।

जॉन सीना का बेहद प्रभावशाली रहा करियर
जॉन सीना का पेशेवर करियर बेहद प्रभावशाली रहा। उन्होंने 2002 में स्मैकडाउन के एक एपिसोड में कर्ट एंगल के खिलाफ डब्ल्यूडब्ल्यूई में डेब्यू किया था। सीना का सफर आसान नहीं था और करियर की शुरुआत में उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा। एक दौर ऐसा भी था, जब उन्हें रिलीज किया जा सकता था। 2004 में उन्होंने रेसलमेनिया में डेब्यू किया और बिग शो को हराकर यूएस चैंपियनशिप जीती। इस खिताब के बाद सीना ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और अगले दो दशक में डब्ल्यूडब्ल्यूई रिंग के बड़े और लोकप्रिय नाम बनकर उभरे।

पेशेवर रेसलिंग में जॉन सीना 17 बार के विश्व चैंपियन हैं। वे तीन बार के विश्व हेवीवेट चैंपियन और रिकॉर्ड तेरह बार के डब्ल्यूडब्ल्यूई विश्व हेवीवेट चैंपियन हैं। इन प्रतियोगिताओं के अलावा, सीना ने डब्ल्यूडब्ल्यूई अमेरिकी चैम्पियनशिप भी चार बार और विश्व टैग टीम चैम्पियनशिप पांच बार जीती है। डब्ल्यूडब्ल्यूई सीना ने कुल 2,259 मुकाबले खेले हैं।

Exit mobile version