भुवनेश्वर: भारतीय फुटबॉल के रोमांचक सफर का निर्णायक पल आ गया है। 13 दिनों की जबरदस्त प्रतिस्पर्धा और 15 टीमों की कड़ी चुनौती को पार करते हुए अब केवल दो टीमें फाइनल की रेखा पर खड़ी हैं एफसी गोवा और जमशेदपुर एफसी। शनिवार को कलिंगा स्टेडियम में होने वाला यह महामुकाबला सिर्फ एक ट्रॉफी के लिए नहीं, बल्कि एशियाई मंच पर उतरने के गौरव के लिए भी है।
एफसी गोवा, जो 2019 में इस खिताब को अपने नाम कर चुकी है, इतिहास रचने की दहलीज पर है। वह इस टूर्नामेंट को दो बार जीतने वाली पहली टीम बनने की कोशिश करेगी और साथ ही चार साल बाद एशियाई फुटबॉल में वापसी की राह तलाशेगी। दूसरी ओर, जमशेदपुर एफसी के लिए यह मुकाबला क्लब के इतिहास में एक नई शुरुआत का प्रतीक है पहला फाइनल, पहला खिताबी सपना और पहली बार एशिया में कदम रखने का मौका।
-जमशेदपुर के कोच खालिद जमील ने साफ कहा
“यह सिर्फ एक फाइनल नहीं, बल्कि हमारे क्लब के लिए भविष्य बदलने वाला पल है।” वहीं गोवा के कोच मनोलो मार्क्वेज ने इस मौके को “सर्वोच्च प्रेरणा” बताया और कहा कि “इस तरह के मौके बार-बार नहीं आते।”
पिछले मुकाबलों की बात करें तो दोनों टीमों के बीच सुपर कप में यह चौथी भिड़ंत होगी। इससे पहले के तीन मैचों में कुल 21 गोल हो चुके हैं, जो फाइनल के रोमांच की झलक दे सकते हैं। हालांकि आईएसएल 2024-25 में जमशेदपुर ने गोवा को दोनों बार हराया है, जिससे उनके आत्मविश्वास को मजबूती मिली है।
-गोवा ने भी दिखाया दमदार प्रदर्शन
दिलचस्प बात यह है कि जहां जमशेदपुर का आईएसएल सीजन डिफेंस के लिहाज से कमजोर रहा 46 गोल खाए। वहीं सुपर कप में वह अब तक एक भी गोल नहीं खा चुकी है। हैदराबाद, नॉर्थईस्ट यूनाइटेड और मुंबई सिटी जैसी टीमों को पीछे छोड़ते हुए उसने मजबूत वापसी की है। गोवा ने भी अपने दमदार प्रदर्शन से फाइनल में जगह बनाई है, खासकर मोहन बागान एसजी के खिलाफ 3-1 की जीत ने उसे फेवरेट की कतार में ला खड़ा किया है।
साफ है कि यह फाइनल सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि भारतीय फुटबॉल की दो धाराओं की टक्कर है। एक अनुभवी योद्धा और दूसरा नया साहसी चैलेंजर। अब देखना यह है कि क्या गोवा अपने अनुभव से इतिहास दोहराएगा या जमशेदपुर एफसी नया अध्याय लिखेगा।
ये भी पढ़ें: आज का राशिफल: जानिए आपकी राशि के लिए कैसा रहेगा दिन

