Kevin Pietersen : जब भी इंग्लैंड के सबसे सफल और बेहतरीन बल्लेबाजों का जिक्र होता है, तो केविन पीटरसन का नाम जरूर प्रमुखता से लिया जाता है। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अपनी बल्लेबाजी से न सिर्फ इंग्लैंड की टीम को मजबूत किया बल्कि विश्व क्रिकेट को भी रोमांचित भी किया। केविन पीटरसन का जन्म 27 जून 1980 को साउथ अफ्रीका के पीटरमैरिट्जबर्ग में हुआ था। 2000 में वे इंग्लैंड आकर बस गए। 20 साल की उम्र में साउथ अफ्रीका से इंग्लैंड आए इस खिलाड़ी को इंग्लैंड क्रिकेट के इतिहास के सबसे बेहतरीन और खतरनाक बल्लेबाजों में से एक माना जाता है।
2004 में किया डेब्यू-
इंग्लैंड क्रिकेट ने जल्द ही पीटरसन की प्रतिभा को पहचान लिया। 2004 में पीटरसन ने इंग्लैंड के लिए वनडे और 2005 में टी20 और टेस्ट में डेब्यू किया।
क्रिकेट करियर-
करीब 9 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में पीटरसन ने इंग्लैंड के लिए 104 टेस्ट, 136 वनडे और 37 T20 मैच खेले। उन्होंने टेस्ट मैचों में 23 शतकों के साथ 8181 रन, वनडे मैचों में 9 शतकों के साथ 4440 रन और T20I में 7 अर्धशतकों के साथ 1176 रन बनाए हैं।
18 साल बाद जिताया एशेज-
केविन पीटरसन को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2005 की एशेज में शानदार बल्लेबाजी और 18 साल बाद इंग्लैंड को एशेज खिताब जिताने के लिए जाना जाता है। पीटरसन ने 5 टेस्ट मैचों की सीरीज में 473 रन बनाए। ओवल में उनकी 158 रनों की पारी, जिसने इंग्लैंड को हार से बचाया, आज भी टेस्ट क्रिकेट की सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक है। इंग्लैंड ने वह सीरीज 2-1 से जीती थी। इस सीरीज के बाद पीटरसन इंग्लैंड टीम के सबसे बड़े स्टार बनकर उभरे।
IPL रिकॉर्ड-
2009 से 2016 के बीच उन्होंने 36 आईपीएल मैचों में 1 शतक और 4 अर्धशतकों के साथ 1001 रन बनाए।
दिल्ली कैपिटल्स के मेंटर-
केविन पीटरसन टेस्ट और वनडे फॉर्मेट में इंग्लैंड टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं। 2018 में क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद वह कमेंट्री में व्यस्त रहते हैं। वह आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स के मेंटर की भूमिका में भी नजर आए थे।

