KL Rahul: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 2 अक्टूबर से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ी राहत भरी खबर मिली है। चयनकर्ताओं ने हाल ही में घोषित टीम में अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल को शामिल किया है, और उन्होंने अपने बल्ले से साबित कर दिया है कि वे पूरी तरह फिट और फॉर्म में हैं। लखनऊ में खेले जा रहे भारत-ए बनाम ऑस्ट्रेलिया-ए के दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट में राहुल ने शानदार शतक जड़कर यह संदेश दिया कि वे राष्ट्रीय टीम में वापसी के लिए तैयार हैं।
तीसरे दिन 79 रन बनाकर लौटे पवेलियन
ऑस्ट्रेलिया-ए ने भारत-ए को जीत के लिए 412 रनों का विशाल लक्ष्य दिया था। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत-ए ने 2 विकेट पर 169 रन बना लिए थे। इस दौरान केएल राहुल 97 गेंदों पर 79 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए थे। हालांकि, दिन के खेल के दौरान फिजियो के हस्तक्षेप के बाद राहुल को एहतियातन मैदान छोड़ना पड़ा। उनके जाने के बाद देवदत्त पडिक्कल भी जल्दी आउट हो गए, जिससे टीम थोड़ी मुश्किल में आ गई।
चौथे दिन शानदार वापसी के साथ शतक पूरा
चौथे दिन भारतीय पारी की शुरुआत साईं सुदर्शन और मानव सुतार ने की। लेकिन स्कोर में 20 रन और जुड़ने के बाद मानव सुतार भी आउट हो गए। इसके बाद राहुल ने दोबारा मैदान पर वापसी की और आते ही अपने शतक की ओर बढ़ते हुए शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने अपनी पारी में और 21 रन जोड़े और लंच तक 103 रन नाबाद रहे। दूसरी ओर साईं सुदर्शन भी 98 रन पर टिके हुए थे।
भारत-ए को जीत के लिए 151 रनों की दरकार
भारत-ए को जीत के लिए अभी भी 151 रन बनाने हैं और उसके सात विकेट शेष हैं। ऐसे में राहुल और साईं सुदर्शन की साझेदारी टीम की जीत के लिए निर्णायक साबित हो सकती है। राहुल की यह पारी न केवल उनके आत्मविश्वास को दर्शाती है, बल्कि यह भी संकेत देती है कि आगामी वेस्टइंडीज सीरीज में वे टीम इंडिया के लिए अहम भूमिका निभाने वाले हैं।

