Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

IPL 2025 : केएल राहुल की वापसी, दिल्ली कैपिटल्स की नजरें दूसरी जीत पर

March 29, 2025

IPL 2025 : केएल राहुल की वापसी, दिल्ली कैपिटल्स की नजरें दूसरी जीत पर

विशाखापत्तनम। लखनऊ सुपर जाइंट्स पर शानदार जीत दर्ज करने और भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल की वापसी के साथ आत्मविश्वास से ओतप्रोत दिल्ली कैपिटल्स रविवार को आईपीएल के मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ इस लय को कायम रखने के इरादे से उतरेगी। अपने अभियान की शानदार शुरूआत के बाद सनराइजर्स को बृहस्पतिवार को लखनऊ टीम के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा। अब अपने मैदान से बाहर कप्तान पैट कमिंस पर टीम की मोर्चे से अगुवाई का दारोमदार होगा। दूसरी ओर दिल्ली की टीम राहुल की वापसी से मजबूत हुई है। अपने पहले बच्चे के जन्म के कारण राहुल लखनऊ के खिलाफ पहले मैच से बाहर थे। चैम्पियंस ट्रॉफी में भारत की खिताबी जीत के सूत्रधारों में रहे राहुल को दिल्ली कैपिटल्स ने 14 करोड़ रूपये में खरीदा था। अपने अपार अनुभव के बावजूद उन्होंने कप्तानी नहीं करने का फैसला किया और यह जिम्मेदारी अक्षर पटेल को सौंपी गई। एक समय भारत की हर प्रारूप की टीम के अभिन्न अंग माने जा रहे राहुल पिछले साल टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा नहीं थे। वह आईपीएल में भी लखनऊ के साथ प्रभाव नहीं छोड़ सके जिसके बाद टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया।

टीम के मालिक संजीव गोयनका के साथ मैदान पर उनकी बातचीत भी वायरल हो गई थी। अब नई टीम के साथ नई शुरूआत करते हुए वह अपने प्रदर्शन से जवाब देना चाहेंगे। राहुल ने हाल ही में कहा था ,‘‘ मैं लंबे समय से टी20 टीम से बाहर हूं। मुझे पता है कि बतौर खिलाड़ी मैं कहां हूं और वापसी के लिये मुझे क्या करना है । यह आईपीएल मेरे लिये खोई लय हासिल करके टी20 टीम में वापसी का मौका है।’’ वह दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ने से पहले मुंबई में भारत के सहायक कोच अभिषेक नायर के साथ अभ्यास कर रहे थे। पिछले मैच में संघर्ष करते दिखे दिल्ली के शीर्षक्रम को राहुल की वापसी से स्थिरता मिलेगी। जीत के लिये 211 रन के लक्ष्य़ का पीछा करते हुए दिल्ली ने पांच विकेट 65 रन पर गंवा दिये थे जिसके बाद आशुतोष शर्मा (31 गेंद में नाबाद 66 रन) और विपराज निगम (39) ने टीम को एक विकेट से चमत्कारिक जीत दिलाई । ट्रिस्टन स्टब्स ने छठे नंबर पर 34 रन बनाये।

पिछले कुछ सत्रों में दिल्ली की टीम करीबी मुकाबले हारती आई है। लखनऊ के खिलाफ करीबी मुकाबले में मिली जीत ने उसके लिये टॉनिक का काम किया होगा। दिल्ली के पास मजबूत गेंदबाजी आक्रमण है जिसकी अगुवाई मिचेल स्टार्क करेंगे और अपने आस्ट्रेलियाई साथी ट्रेविस हेड से उनकी टक्कर देखने लायक होगी । उनके अलावा कुलदीप यादव और अक्षर भी दिल्ली की गेंदबाजी की कमान संभालेंगे। उन्हें सनराइजर्स की आक्रामक सलामी जोड़ी हेड और अभिषेक शर्मा के बल्लों पर अंकुश लगाना होगा। स्टब्स और मोहित शर्मा आखिर में उपयोगी गेंदबाज साबित हो सकते हैं। सनराइजर्स ने पहले ही मैच में छह विकेट पर 286 रन बनाकर अपने इरादे जाहिर कर दिये थे । ईशान किशन ने 47 गेंद में 106 रन बनाये जबकि हेड ने 31 गेंद में 67 रन की पारी खेली । दूसरे मैच में हालांकि वे नौ विकेट पर 190 रन ही बना सके। मोहम्मद शमी, कमिंस और हर्षल पटेल के रहते सनराइजर्स का तेज आक्रमण मजबूत है लेकिन लखनऊ के खिलाफ निस्तेज नजर आया। कमिंस ने 15 रन प्रति ओवर की दर से रन दे डाले । उन पर फॉर्म में लौटने का भारी दबाव होगा।

ये भी पढ़ें: Punjab News: तरनतारन में 20 करोड़ की हेरोइन बरामद, बाइक पर लेकर जा रहा था युवक 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें