Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

जानिए, क्या है रिंकू सिंह के ‘गॉड्स प्लान’ टैटू के पीछे की कहानी?

October 6, 2024

जानिए, क्या है रिंकू सिंह के ‘गॉड्स प्लान’ टैटू के पीछे की कहानी?

आईपीएल के मंच से पूरी दुनिया में मशहूर होने वाले रिंकू सिंह ने काफी कम समय में खूब शोहरत हासिल की। वहीं, भारत और बांग्लादेश के बीच रविवार को ग्वालियर में शुरू होने वाली टी20 सीरीज से पहले इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपने गॉड प्लान टैटू के पीछे की अनकही कहानी का खुलासा किया। एक फिनिशर के रूप में रिंकू सिंह का नाम लाइमलाइट में तब आया जब उन्होंने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए आईपीएल 2023 के मैच की आखिरी पांच गेंदों पर गुजरात टाइटन्स के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज यश दयाल को लगातार पांच छक्के लगाकर एक असंभव और रोमांचक जीत अपनी टीम के लिए हासिल की।

उस सीजन में रिंकू ने 14 मैचों में 149.53 की स्ट्राइक रेट से 474 रन बनाए, जिसकी बदौलत उन्हें भारतीय टीम में शामिल किया गया। रिंकू ने बीसीसीआई.टीवी पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, हर कोई जानता है कि मेरे पास एक मशहूर स्टेटमेंट है गॉड्स प्लान। मैंने उसी के आधार पर अपना टैटू डिजाइन किया है। इसे बनवाए हुए कुछ हफ्ते हो चुके हैं। इस टैटू में गॉड्स प्लान शब्द एक सर्कल के अंदर लिखा गया है जो सूर्य का प्रतीक है।

टैटू का मुख्य पहलू आईपीएल में मेरे द्वारा लगाए गए पांच छक्कों का प्रतीक है। दो कवर पर, एक लॉन्ग-ऑन, लॉन्ग-ऑफ और एक डीप फाइन-लेग पर। इसने मेरी जिंदगी बदल दी और लोग मुझे जानने लगे। इसलिए मैंने सोचा था कि मैं उन्हें टैटू में शामिल करूंगा। अगस्त 2023 में आयरलैंड के खिलाफ अपने अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के बाद से रिंकू भारत के लिए फिनिशर के रूप में सफल रहे हैं। उन्होंने 23 मैचों में 174.16 की स्ट्राइक-रेट से 418 रन बनाए हैं। जबकि उसी साल बाद में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर अपना वनडे डेब्यू भी किया।

अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के अलावा रिंकू अपनी ऑफ स्पिन से भी काफी उपयोगी साबित हुए हैं। जब भी कप्तान ने उन्हें गेंद सौंपी तब-तब उन्होंने इस मौके को पूरी तरह भुनाया।बांग्लादेश के खिलाफ भारत की टी20 सीरीज रविवार को ग्वालियर में शुरू होगी। इसके बाद 9 और 12 अक्टूबर को नई दिल्ली और हैदराबाद में मैच खेले जाएंगे। भारत और बांग्लादेश ने अब तक 14 टी20 मैच खेले हैं, जिनमें से 13 में मेजबान टीम ने जीत दर्ज की है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें