Last Updated: November 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेजी से 25,000 रन बनाने वाले खिलाड़ी बने Kohli

February 19, 2023

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेजी से 25,000 रन बनाने वाले खिलाड़ी बने Kohli

नयी दिल्ली: भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन रविवार को यहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेजी से 25,000 रन पूरे करने वाले खिलाड़ी बने। भारतीय टीम मैच को जीतने के लिए जब 115 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी तब आठ रन पर बल्लेबाजी कर रहे कोहली ने पारी के 12वें ओवर में नाथन लियोन के खिलाफ चौका जड़ कर यह उपलब्धि हासिल की।

कोहली के करियर का यह 492 वां अंतरराष्ट्रीय (टेस्ट, एकदिवसीय और टी20 मिला कर) मैच है। इस मुकाबले से पहले वह 25,000 रन के आंकड़े से 52 रन दूर थे। उन्होंने पहली पारी में 44 जबकि दूसरी पारी में 20 रन बनाये । कोहली के नाम अब 25, 012 अंतरराष्ट्रीय रन है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने उन्हें बधाई देते हुए ट्वीट किया, ‘‘ एक और उपलब्धि। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 25,000 रन पूरे करने पर विराट कोहली को बधाई। यह बेहद खास है।’’

बीसीसीआई सचिव जय शाह ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘विराट कोहली को सबसे तेजी से 25,000 अंतरराष्ट्रीय रन पूरा करने पर हार्दिक बधाई।’’ कोहली से पहले सचिन तेंदुलकर (664 मैचों में 34357 रन), श्रीलंका के कुमार संगकारा (594 मैचों में 28016) और महेला जयवर्धने (652 मैचों में 25957), ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग (560 मैचों में 27483) और दक्षिण अफ्रीका के जाक कैलिस (519 मैचों में 25534) ने इस मुकाम को हासिल किया है।

चौतीस साल के कोहली ने 2008 में भारत के लिए पदार्पण किया था। उन्होंने अपनी 549 वीं पारी में इस उपलब्धि को हासिल किया जो इन छह बल्लेबाजों में सबसे कम है। तेंदुलकर ने 25000 रन पूरे करने के लिए 577 पारियां ली थी जबकि पोंंिटग ने 588 पारियों में यह कारनामा किया था। इस दौरान कोहली का औसत 53 से अधिक का रहा है। इस मामले में कैलिस 49.10 की औसत के साथ दूसरे स्थान पर है। कोहली के नाम 106 टेस्ट में 8195, 271 वनडे में 12809 और 115 टी20 में 4008 रन हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें