Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

12 साल बाद रणजी ट्रॉफी में वापसी कर रहे हैं कोहली, मैच से पहले दिल्ली के साथ जुड़े 

January 28, 2025

12 साल बाद रणजी ट्रॉफी में वापसी कर रहे हैं कोहली, मैच से पहले दिल्ली के साथ जुड़े 
Kohli in Ranji Trophy : स्टार भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने 12 साल बाद रणजी ट्रॉफी में वापसी से पूर्व मंगलवार को यहां दिल्ली टीम के साथ ट्रेनिंग शुरू की। पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे 36 वर्षीय कोहली 30 जनवरी से रेलवे के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच खेलेंगे जिससे इस प्रमुख घरेलू प्रतियोगिता में उनकी वापसी होगी। उन्होंने अपना पिछला रणजी मुकाबला 2012 में गाजियाबाद में उत्तर प्रदेश के खिलाफ खेला था।
कोहली आज सुबह ठीक नौ बजे अरुण जेटली स्टेडियम पहुंचे और टीम से मिलने तथा ‘वार्म अप’ के बाद उन्होंने टीम के साथियों के साथ करीब 15 मिनट तक फुटबॉल खेला। यह स्टार खिलाड़ी अपने नए साथियों के साथ सहज दिखा। दिल्ली के लगभग सभी खिलाड़ी पहली बार कोहली के साथ ड्रेसिंग रूम साझा कर रहे हैं और उन्हें अपने बीच पाकर काफी उत्साहित दिखे।
अभ्यास ड्रिल दिल्ली के मुख्य कोच सरनदीप सिंह के मार्गदर्शन में हुई। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के निराशाजनक टेस्ट दौरे के बाद एकदिवसीय और टेस्ट टीम के कप्तान रोहित शर्मा सहित भारत के सभी स्टार खिलाड़ी अपनी रणजी टीमों के लिए खेल रहे हैं।
ऐसा भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के इस आदेश के कारण हुआ है कि खिलाड़ियों को अपने अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम से समय मिलने पर घरेलू क्रिकेट को प्राथमिकता देनी चाहिए। रोहित (मुंबई) और ऋषभ पंत (दिल्ली) को अपनी-अपनी टीमों के लिए ज्यादा सफलता नहीं मिली लेकिन अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने सौराष्ट्र के लिए 12 विकेट चटकाए और शुभमन गिल ने पंजाब के लिए शतक बनाया। पंजाब को हालांकि शिकस्त का सामना करना पड़ा।
पंत, रोहित, यशस्वी जायसवाल (मुंबई) आगामी रणजी मैच नहीं खेलेंगे क्योंकि वे छह फरवरी से नागपुर में इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली एकदिवसीय श्रृंखला की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि लोकेश राहुल कर्नाटक के लिए खेलेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें