Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘तुमने अपना काम कर दिया’, विलियमसन के संन्यास पर कोहली का भावुक संदेश

June 12, 2026

‘तुमने अपना काम कर दिया’, विलियमसन के संन्यास पर कोहली का भावुक संदेश

न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। विलियमसन के संन्यास पर भारत के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि जिंदगी तो अभी शुरू हुई है।

विराट कोहली ने एक्स पर लिखा, “इतने वर्षों के दौरान विरोधी से दोस्त बनने का सफर। वर्षों से तुम्हें बल्लेबाजी करते और तुम्हारे खिलाफ मुकाबला करते देखना बहुत अच्छा लगा। उससे भी ज्यादा मैं हमारी दोस्ती और खेल और उससे आगे के बारे में हमारे एक जैसे नजरिए को महत्व देता हूं। जब भी हम बात करते हैं या मिलते हैं, मैं उसे हमेशा संजोकर रखता हूं। भाई, तुम्हें हमेशा शुभकामनाएं। तुमने अपना काम कर दिया है। अब तुम इसका पूरा मजा लेने और आराम करने के हकदार हो। बहुत बढ़िया दोस्त, जिंदगी तो अभी शुरू हुई है।”

ये भी पढ़ें–  https://dainiksaveratimes.com/sports/dale-steyn-t20-cricket-statement/

विराट कोहली और केन विलियमसन की बतौर खिलाड़ी और कप्तान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की यात्रा लगभग एक साथ ही शुरू और समाप्त हुई। दोनों ने अपनी-अपनी टीमों को देश-विदेश में बड़ी सफलता दिलाई। केन विलियमसन की कप्तानी में न्यूजीलैंड ने 2021 का विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल विराट कोहली की कप्तानी वाली भारतीय टीम को हराकर ही जीता था।

केन विलियमसन न्यूजीलैंड की तरफ से सर्वाधिक रन और शतक बनाने वाले बल्लेबाज हैं। 2010 में डेब्यू करने वाले विलियमसन ने तीनों फॉर्मेट मिलाकर 378 मैचों की 452 पारियों में 48 शतक और 103 अर्धशतक की मदद से विलियमसन ने 19,346 रन बनाए। फॉर्मेट के हिसाब से देखें तो इस कीवी दिग्गज ने 110 टेस्ट की 195 पारियों में 33 शतक और 38 अर्धशतक लगाते हुए 9,515 रन बनाए। 175 वनडे की 167 पारियों में 15 शतक और 47 अर्धशतक लगाते हुए 7,256 रन बनाए। इसके अलावा, 93 टी20 की 90 पारियों में 18 अर्धशतक लगाते हुए उन्होंने 2,575 रन बनाए।

फॉर्मेट के हिसाब से विलियमसन टेस्ट में पहले, टी20 में दूसरे और वनडे में न्यूजीलैंड के चौथे सबसे सफल बल्लेबाज हैं। दाएं हाथ के इस धाकड़ बल्लेबाज ने 40 टेस्ट, 91 वनडे और 75 टी20 में न्यूजीलैंड की कप्तानी की। उनकी कप्तानी में कीवी टीम ने 2019 वनडे विश्व कप और 2021 टी20 विश्व कप का फाइनल खेला था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें