Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

Women’s Test match: क्रांति गौड़ का कहर, इंग्लैंड 170 रन पर ढेर; भारत को मिली 115 रन की बढ़त

July 11, 2026

Women’s Test match: क्रांति गौड़ का कहर, इंग्लैंड 170 रन पर ढेर; भारत को मिली 115 रन की बढ़त

Women’s Test match: मुकाबले के दूसरे दिन मेजबान इंग्लैंड को उसकी पहली पारी में सिर्फ 170 रन पर समेटने के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने लॉर्ड्स में जारी एकमात्र टेस्ट मैच में 115 रन की अहम बढ़त हासिल कर ली है। इंग्लैंड को सस्ते में समेटने में तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ का अहम योगदान रहा, जिन्होंने पांच विकेट हासिल किए।

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 285 रन बनाए। भारत ने 37 के स्कोर तक 2 विकेट खो दिए थे। इसके बाद स्मृति मंधाना ने जेमिमा रोड्रिगेज के साथ तीसरे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला। रोड्रिगेज 38 गेंदों में 5 चौकों के साथ 35 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जिसके बाद मंधाना ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ चौथे विकेट के लिए 89 जुटाए। मंधाना ने 11 चौकों और 1 छक्के के साथ 83 रन बनाए, जबकि कौर ने टीम के खाते में 58 रन का योगदान दिया। इनके अलावा, दीप्ति शर्मा ने 57 रन जोड़े।

मेजबान खेमे से सोफी एक्लेस्टोन ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि लॉरेन फिलर, ईसी वोंग और मैडी विलियर्स ने 2-2 विकेट हासिल किए। लॉरेन बेल ने 1 विकेट निकाला। इसके जवाब में इंग्लिश टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 59.1 ओवरों का ही सामना कर सकी और 170 रन पर ढेर हो गई। इंग्लैंड ने 47 के स्कोर तक 4 विकेट गंवा दिए थे। यहां से कप्तान नैट साइवर ब्रंट ने एमी जोन्स के साथ पांचवें विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की।

Women's Test match

इंग्लैंड को 37.4 ओवर में जोन्स के रूप में पांचवां झटका लगा, जो 6 चौकों के साथ 52 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। आलम ये रहा कि इस पारी में सिर्फ पांच बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छू सकीं। भारत की तरफ से क्रांति गौड़ ने 37 रन देकर सर्वाधिक 5 विकेट हासिल किए, जबकि सयाली सातघरे और स्नेह राणा को 2-2 सफलताएं हाथ लगीं। एक विकेट दीप्ति शर्मा ने निकाला। लॉर्ड्स के मैदान पर पहली बार महिलाओं का टेस्ट मैच खेला जा रहा है, जो इसे एक ऐतिहासिक मुकाबला बनाता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें