Kuldeep Yadav : भारतीय टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने एशिया कप 2025 में अपनी शानदार गेंदबाजी से एक और बड़ा कीर्तिमान स्थापित किया है। 26 सितंबर को दुबई में खेले गए सुपर-4 मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ कुलदीप ने 4 ओवर में 31 रन देकर 1 विकेट चटकाया। इस एक विकेट ने उन्हें एशिया कप टी20 के एक ही संस्करण में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाला गेंदबाज बना दिया।
कानपुर के इस चाइनामैन गेंदबाज ने एशिया कप 2025 में अब तक भारत के लिए 6 मैच खेले हैं और कुल 13 विकेट अपने नाम किए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड यूएई के तेज गेंदबाज अमजद जावेद के नाम था, जिन्होंने 2016 एशिया कप में 7 मैच खेलकर 12 विकेट लिए थे। श्रीलंका के खिलाफ सुपर-4 मुकाबले में कुलदीप ने कप्तान चरिथ असलंका को आउट कर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। पारी के 16वें ओवर की पहली गेंद पर असलंका का कैच शुभमन गिल ने शानदार तरीके से लपका।
एशिया कप टी20 में सबसे ज्यादा विकेट
कुलदीप यादव – 13
अमजद जावेद – 12
भुवनेश्वर कुमार – 11
कुलदीप की इस उपलब्धि के साथ ही वह एक और बड़ी कामयाबी के करीब पहुंच गए हैं। अब उनके पास एशिया कप (ODI और T20I मिलाकर) में सबसे ज्यादा विकेट लेने का सुनहरा मौका है। इस समय यह रिकॉर्ड श्रीलंका के महान गेंदबाज लसिथ मलिंगा के नाम है, जिन्होंने 15 मैचों में कुल 33 विकेट लिए थे। कुलदीप यादव 17 मैचों में 32 विकेट झटक चुके हैं और उन्हें मलिंगा को पीछे छोड़ने के लिए सिर्फ दो और विकेट चाहिए।
एशिया कप (ODI + T20I) में सबसे ज्यादा विकेट
लसिथ मलिंगा – 33
कुलदीप यादव – 32
मुथैया मुरलीधरन – 30
कुलदीप की नजरें अब 28 सितंबर को दुबई में होने वाले भारत बनाम पाकिस्तान फाइनल पर टिकी हैं। अगर वह फाइनल में पाकिस्तान के कम से कम दो खिलाड़ियों को आउट कर लेते हैं, तो मलिंगा का रिकॉर्ड तोड़कर एशिया कप इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे।
पाकिस्तान के खिलाफ कुलदीप का प्रदर्शन अब तक शानदार रहा है। 14 सितंबर को खेले गए मैच में उन्होंने 18 रन देकर 3 विकेट हासिल किए थे, जबकि 21 सितंबर को हुए मुकाबले में 31 रन देकर 1 विकेट लिया। ऐसे में फाइनल मुकाबले में कुलदीप की भूमिका भारत की जीत में अहम रहने वाली है।

