Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

Kuldeep Yadav ने मारा पाकिस्तान के खिलाफ पंजा, बोले- ‘सफलता का श्रेय.

September 12, 2023

Kuldeep Yadav ने मारा पाकिस्तान के खिलाफ पंजा, बोले- ‘सफलता का श्रेय.

 

कोलंबो: बारिश के कारण दो दिनों तक चले एशिया कप सुपर-4 मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 228 रनों के रिकॉर्ड अंतर से हरा दिया। इस मैच में भारतीय स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव ने पांच विकेट लिए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। पाकिस्तान के खिलाफ कुलदीप ने दमदार गेंदबाजी की। उन्हें पिच से मदद मिली और फिर गेंद से ऐसा कहर बरपाया जिससे पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने उनके आगे घुटने टेक दिए।

भारत के बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव वनडे में अपनी निरंतर सफलता का श्रेय अपने गेंदबाजी एक्शन में किए गए सुधार को दिया। सोमवार को आर प्रेमदासा स्टेडियम में कुलदीप ने अपने 8 ओवर के स्पेल में 5-25 का शानदार आंकड़ा दर्ज किया। जिससे भारत ने पाकिस्तान को 228 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया। कुलदीप इस साल पुरुष वनडे में भारत के शीर्ष विकेट लेने वाले गेंदबाज के रूप में उभरे हैं।

उन्होंने 14 मैचों में 27 विकेट हासिल किए। ईएसपीएन क्रिकइन्फो ने कुलदीप के हवाले से कहा, ‘मेरी सर्जरी को डेढ़ साल से अधिक समय हो गया है। मेरे रन-अप में थोड़ा बदलाव आया है और लय आक्रामक हो गई है। मैंने अपनी स्पिन और ड्रिफ्ट नहीं खोई और मेरी गति बढ़ गई जिससे मुझे मदद मिली। यदि एक लेगस्पिनर गेंद को अच्छी लंबाई पर फेंकता है, तो उसके विकेट लेने की संभावना अधिक होती है।

यदि आप एक लेगस्पिनर हैं, आप बहुत सारी ढीली गेंदें फेंकते हैं लेकिन अगर आप लगातार बने रहते हैं, तो आप सफल हो सकते हैं।’ कुलदीप की फॉर्म टीम इंडिया के लिए काफी अहम है क्योंकि भारत को अगले महीने से शुरू होने वाले घरेलू विश्व कप के लिए उनके प्रदर्शन की सबसे अधिक आवश्यकता है। अपने प्रदर्शन पर कुलदीप ने कहा, ’मैं इस समय बहुत खुश हूं। डेढ़ साल मेरे लिए अद्भुत रहे हैं। मैं अच्छी गेंदबाजी कर रहा हूं।

मैं प्लेइंग-11 के बारे में ज्यादा नहीं सोचता, मैं सिर्फ अपनी गेंदबाजी का आनंद ले रहा हूं।‘ 28 वर्षीय खिलाड़ी ने आगे कहा कि वह पाकिस्तान के खिलाफ अपने पांच विकेट के कारनामे को लंबे समय तक याद रखेंगे। जब मैं संन्यास लूंगा, तो मुझे हमेशा याद रहेगा कि मैंने पाकिस्तान के खिलाफ पांच विकेट लिए थे। यह बहुत बड़ी बात है क्योंकि वो एक ऐसी टीम है जो स्पिन को अच्छा खेलती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें