Site icon Dainik Savera Times

टेस्ट डेब्यू में मानव सुथार का कमाल, भारत के लिए डाला दूसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी स्पेल

Manav Suthar Test Debut Spell

Manav Suthar Test Debut Spell

भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मुकाबला महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। पहली पारी में अफगानिस्तान की पूरी टीम 152 रन बनाकर ऑलआउट हुई। मानव सुथार की फिरकी का जादू जमकर चला और उन्होंने 6 विकेट अपने नाम किए।

मानव ने 22 ओवर के स्पेल में महज 33 रन देकर 6 विकेट चटकाए। वह भारत की ओर से टेस्ट डेब्यू में दूसरा बेस्ट गेंदबाजी स्पेल डालने वाले गेंदबाज बन गए हैं। भारत की ओर से बेस्ट डेब्यू गेंदबाजी स्पेल डालने का रिकॉर्ड नरेंद्र हिरवानी के नाम है, जिन्होंने 1988 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 61 रन देकर 8 विकेट चटकाए थे। इसके साथ ही पिछले 35 वर्षों में मानव टेस्ट डेब्यू में 6 विकेट लेने वाले महज दूसरे भारतीय गेंदबाज बने हैं।

ये भी पढ़ें–   https://dainiksaveratimes.com/sports/prince-playing-xi-challenge/

मानव ने अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट इतिहास का दूसरा सबसे बेहतरीन स्पेल फेंका। अफगानिस्तान के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी स्पेल डालने का रिकॉर्ड रहकीम कॉर्नवॉल के नाम दर्ज है, जिन्होंने 2019 में 75 रन देकर 7 विकेट निकाले थे। मानव सुथार इस सदी में अपने टेस्ट करियर की पहली ही पारी में 5 विकेट लेने वाले महज दूसरे भारतीय गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले यह कारनामा अमित मिश्रा ने साल 2008 में किया था।

23 वर्षीय स्पिन गेंदबाज के आगे अफगानिस्तान का बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। मेहमान टीम की ओर से सिर्फ रहमत शाह ही क्रीज पर टिककर खेल सके और उन्होंने सर्वाधिक 60 रन बनाए। वहीं, कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने 48 गेंदों का सामना करने के बाद 4 चौकों की मदद से 20 रन बनाए, जबकि अटल ने 17 रन बनाए।

अफगानिस्तान के पांच बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक पार करने में नाकाम रहे। पहली पारी के आधार पर भारतीय टीम ने 412 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की। मानव के अलावा, प्रसिद्ध कृष्णा ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 37 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने एक विकेट अपने नाम किया।

 

Exit mobile version