Site icon Dainik Savera Times

मंजूनाथ, चालिहा तथा जॉली-गोपीचंद थाईलैंड मास्टर्स के क्वार्टरफाइनल में पहुंचे

बैंकॉक: भारत के मिथुन मंजूनाथ गुरुवार को हमवतन स्टार शटलर किदांबी श्रीकांत को हराकर पुरुष एकल और अश्मिता चालिहा तथा ट्रीसा जॉली-गायत्री गोपीचंद ने क्रमशः महिला एकल और युगल वर्ग में थाईलैंड मास्टर्स 2024 बैडमिंटन टूर्नामेंट में क्वार्टरफाइनल में पहंच गये है। आज यहां 54 मिनट तक चले मुकाबले में 24वीं रैकिंग वाले किदांबी श्रीकांत को 63वीं रैकिंग वाले मिथुन मंजूनाथ के हाथों 21-9, 13-21, 21-17 से हार का सामना करना पड़ा। मिथुन मंजूनाथ अपने अंतिम-आठ मुकाबले में डच खिलाड़ी मार्क कैलजॉव से भिड़ेगे।

जूनियर भारतीय खिलाड़ियों ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अश्विनी पोनप्पा और तनीषा क्रैस्टो को 21-15, 24-22 से हराकर क्वार्टर में जगह बनाई। क्वार्टरफाइनल में ट्रीसा और गायत्री की प्रतिद्वंद्वी फेब्रियाना द्विपुजी कुसुमा और अमालिया काया प्रतिवी की चौथी वरीयता प्राप्त इंडोनेशियाई टीम से मुकाबला होगा। इस बीच, अश्मिता चालिहा ने महिला एकल में ताइपे की शटलर पाई यू पो को 21-12, 15-21, 21-17 से हराकर भारतीय चुनौती बरकरार रखी। चालिहा को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए दुनिया के 44वें नंबर के खिलाड़ी इंडोनेशिया के एस्टर नुरुमी ट्राई वार्डोयो को हराना होगा। इससे पहले दिन में, मालविका बंसोड़ आठवीं वरीयता प्राप्त थाईलैंड की बुसानन ओंगबामरुंगफान से 24-22, 21-7 से हार गईं।

Exit mobile version