Site icon Dainik Savera Times

मन की बात: पीएम मोदी ने सैफ चैंपियनशिप जीतने पर भारतीय फुटबॉल टीम को सराहा

नेशनल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 140वें संस्करण में खेलों में भारत को मिल रही लगातार कामयाबी का जिक्र किया। उन्होंने रिकॉर्ड 10वीं बार सैफ चैंपियनशिप का खिताब जीतने पर फुटबॉल टीम को बधाई दी। इसके साथ ही पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन की भी जमकर प्रशंसा की।

भारतीय फुटबॉल टीम ने बांग्लादेश के ढाका में खेली गई सैफ चैंपियनशिप में जबरदस्त प्रदर्शन किया। टीम ने टूर्नामेंट के रोमांचक फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को 2-1 से हराते हुए लगातार तीसरी बार खिताब पर कब्जा जमाया। इसके साथ ही भारतीय टीम ने रिकॉर्ड 10वीं बार सैफ चैंपियनशिप की ट्रॉफी को अपने नाम किया। पीएम मोदी ने फुटबॉल टीम की प्रशंसा करते हुए ‘मन की बात’ में कहा, “भारत खेल में लगातार बड़ी उपलब्धियां हासिल कर रहा है। हमारी फुटबॉल टीम ने रिकॉर्ड 10वीं बार सैफ चैंपियनशिप जीती।”

प्रधानमंत्री ने बैडमिंटन में शानदार प्रदर्शन करने वाले लक्ष्य सेन की भी सराहना की। लक्ष्य ने कुमामोटो मास्टर्स का खिताब जीतकर हाल ही में इतिहास रचा। उन्होंने एकल वर्ग के फाइनल मुकाबले में कोकी वतनबे को 13-21, 21-18 और 21-14 से हराते हुए ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया। वहीं, पीवी सिंधु ने फाइनल में डेनमार्क की होजमार्क केयर्सफेल्ट को हराकर हाइलो ओपन का खिताब जीता। यह उनका इस सत्र का दूसरा खिताब रहा।

पीएम मोदी ने कहा कि बैडमिंटन में लक्ष्य सेन ने जर्मनी और जापान में लगातार दो सुपर 500 खिताब जीते। वह कुमामोटो मास्टर्स जीतने वाले पहले भारतीय बने। वहीं, पीवी सिंधु ने हाइलो ओपन को जीतकर एक और खिताब भारत के नाम कर लिया।

पीएम मोदी ने तेलंगाना में होने वाले ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ पर भी बात की। उन्होंने कहा कि हमारे यंग चैंपियंस के लिए एक और बड़ा अवसर आने वाला है। तेलंगाना के छह शहरों में 11 से 22 दिसंबर तक 8वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन होगा। मैं सभी खिलाड़ियों और एथलीट्स को शुभकामनाएं देता हूं। खेलते रहिए और खिलते रहिए।

Exit mobile version