Marcus Stoinis smashes 5 sixes in over: मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 में शुक्रवार (26 जून) को खेले गए मुकाबले में सिएटल ओर्कास ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वॉशिंगटन फ्रीडम को 88 रन से हरा दिया। इस जीत के हीरो कप्तान मार्कस स्टोइनिस, शिमरॉन हेटमायर और गेंदबाज जसदीप सिंह रहे। मार्कस स्टोइनिस ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से मैच का रुख बदल दिया।
हालांकि उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही। उन्होंने अपनी पहली छह गेंदों पर सिर्फ 4 रन बनाए थे। लेकिन इसके बाद उन्होंने आक्रामक अंदाज अपनाया और वॉशिंगटन के गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला। पारी के 17वें ओवर में गेंदबाजी करने आए इयान हॉलैंड स्टोइनिस के निशाने पर आ गए।
स्टोइनिस ने ओवर की पहली चार गेंदों पर लगातार चार छक्के जड़ दिए। पांचवीं गेंद पर वह रन नहीं बना सके, लेकिन आखिरी गेंद पर फिर से छक्का लगाकर ओवर में कुल 30 रन बटोर लिए। इस दौरान वॉशिंगटन फ्रीडम के कप्तान स्टीव स्मिथ भी मैदान पर बेबस नजर आए। स्टोइनिस ने सिर्फ 16 गेंदों में 42 रन बनाए, जिसमें 6 छक्के शामिल थे। हालांकि अगले ओवर में मार्को यानसन ने उन्हें आउट कर दिया। इसी ओवर में यानसन ने दासुन शनाका का विकेट भी लिया और सिर्फ 9 रन खर्च किए। सिएटल ओर्कास को तेज शुरुआत टिम सीफर्ट और शायन जहांगीर ने दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए अच्छी साझेदारी की, जिससे टीम ने पावरप्ले के छह ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 59 रन बना लिए।
शायन जहांगीर ने 22 रन बनाए, जबकि मैथ्यू ब्रीट्जके ने 32 रनों की उपयोगी पारी खेली। पारी के आखिरी ओवरों में शिमरॉन हेटमायर ने धमाकेदार बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों में नाबाद 79 रन बनाए। उनकी पारी में 2 चौके और 9 शानदार छक्के शामिल रहे। हेटमायर ने आखिरी ओवर में जैक एडवर्ड्स की लगातार तीन गेंदों पर तीन छक्के लगाकर टीम के स्कोर को 227 रन तक पहुंचा दिया। सिएटल ओर्कास ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 227 रन बनाए। टीम की पारी में कुल 23 छक्के लगे, जिससे वॉशिंगटन फ्रीडम के गेंदबाज पूरी तरह दबाव में दिखाई दिए।
228 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी वॉशिंगटन फ्रीडम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पूरी टीम 16.2 ओवर में 139 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अमिला अपोंसो ने नाबाद 31 रन बनाए, जबकि इयान हॉलैंड ने 26 रन का योगदान दिया, लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। सिएटल की जीत में गेंदबाज जसदीप सिंह ने भी अहम भूमिका निभाई। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 24 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। इस जीत के साथ सिएटल ओर्कास ने टूर्नामेंट में अपनी ताकत का दमदार प्रदर्शन किया।