लंदन: इंगलैंड के मार्क वुड ने लंबे समय तक चोटों से जूझने के बाद 36 साल की उम्र में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर के 146 मैचों में उन्होंने कुल 253 विकेट झटके, जिसमें 38 टैस्ट में 30.79 की औसत से लिए 119 विकेट शामिल हैं।
वुड की पहचान इंगलैंड के सबसे तेज गेंदबाजों में होती है। वह 2015 की ऐशेज, 2019 के वन डे विश्व कप और 2022 के टी-20 विश्व कप का खिताब जीतने वाली इंगलैंड टीम के अहम सदस्य रहे हैं। 2025 चैंपियंस ट्रॉफ़ी में घुटने की चोट के बाद से वुड ने केवल एक ही मुकाबला खेला था।
मैदान से दूर रहने के दौरान उन्होंने कॉमेंट्री और ब्रॉडकास्टिंग में भी अपनी अलग पहचान बनाई। वुड ने मंगलवार सुबह संन्यास का ऐलान किया और इसके तुरंत बाद वह अपने घरेलू मैदान डरहम (रिवरसाइड) में इंगलैंड-श्रीलंका वन डे के प्रसारण से जुड़ गए।

