Marnus Labuschagne : ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज जस्टिन लैंगर ने टीम को मार्नस लाबुशेन को शीर्ष क्रम में रखने की सलाह दी है। साथ ही उन्होंने इस खिलाड़ी को टीम के लिए अहम कड़ी बताया है। “मार्नस ने 50 टेस्ट मैच खेले हैं। वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे हैं। उनका औसत (46.19) अभी भी अच्छा है। सभी खिलाड़ी ऐसे दौर से गुजरते हैं। अगर आप रन नहीं बना रहे हैं, तो आप सुर्खियों में रहेंगे। अगर मार्नस अच्छा नहीं खेल रहे हैं, तो इससे बहुत फर्क पड़ता है, क्योंकि ट्रैविस हेड निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हैं। इसलिए वह टीम के लिए बेहद अहम कड़ी हैं।”
उन्होंने कहा, “अगर मैं ऑस्ट्रेलियाई प्रबंधन में होता, तो मैं अपना पूरा ध्यान मार्नस पर लगाता कि वह बेहतर प्रदर्शन करें। मुझे यकीन है कि वह ऐसा कर रहे हैं।”
ऑस्ट्रेलिया को आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका से पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद लाबुशेन को आगामी सीरीज में मौका मिलना मुश्किल लग रहा है। लाबुशेन को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खिताबी मुकाबले में ओपनिंग करने भेजा गया था, लेकिन वह 17 और 22 रन ही बना सके। इसके साथ ही उन्होंने दो साल के डब्ल्यूटीसी चक्र का अंत 27.82 की मामूली औसत के साथ किया।
हालांकि डब्ल्यूटीसी फाइनल में हार के बाद ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने जोर देकर कहा कि लाबुशेन अभी भी भविष्य के लिए उनकी योजनाओं में हैं। ऑस्ट्रेलिया 25 जून से वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने जा रहा है, जिससे उसका नया डब्ल्यूटीसी चक्र शुरू होगा।
अक्टूबर 2018 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले मार्नस लाबुशेन ने अब तक ऑस्ट्रेलिया के लिए 58 टेस्ट खेले हैं, जिनमें से दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 104 पारियों में 46.19 की औसत से 4,435 रन बनाए हैं। इस दौरान लाबुशेन ने दो दोहरे शतक, 11 शतक और 23 अर्धशतक जड़े हैं।

