Site icon Dainik Savera Times

लियोनेल मेसी ने आलोचकों को दिया करारा जवाब, कहा, ‘हर उपलब्धि हमने मेहनत से हासिल की’

Messi Critics Reply

Messi Critics Reply

स्पोर्ट्स डेस्क : फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंचने के बाद अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने आलोचकों को आड़े हाथों लिया है। मेसी ने उन आलोचकों को जवाब दिया है, जो पूरे टूर्नामेंट के दौरान यह आरोप लगाते रहे हैं कि फीफा में अर्जेंटीना को फायदा पहुंचाया जा रहा है।

मेसी ने कहा कि लगातार दूसरी बार विश्व कप फाइनल में पहुंचना इस बात का सबूत है कि अर्जेंटीना की टीम दुनिया की सबसे बेहतरीन टीमों में शामिल है। उन्होंने कहा कि टीम की सफलता किसी संयोग या किस्मत का नतीजा नहीं है, बल्कि खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है।फीफा वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 2-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। मैच में इंग्लैंड ने एंथनी गॉर्डन के 55वें मिनट में किए गए गोल से मुकाबले में बढ़त बना ली थी, लेकिन अर्जेंटीना ने शानदार वापसी की। कप्तान मेसी ने दो अहम असिस्ट किए, जिनकी मदद से एंजो फर्नांडीज और लाउतारो मार्टिनेज ने गोल कर टीम को यादगार जीत दिलाई।

ये भी पढे़ं :–  https://dainiksaveratimes.com/sports/ind-eng-cardiff-dominance/

टूर्नामेंट के दौरान अर्जेंटीना को लेकर कुछ विवाद भी हुए थे। कुछ फैसलों को लेकर सवाल उठे और आलोचकों ने दावा किया कि टीम को फायदा मिल रहा है। हालांकि, मेसी ने इन आरोपों को पूरी तरह से खारिज किया है। मेसी ने कहा, “लोग चाहे कुछ भी कहें, पिछले 4 सालों में हम लगातार दुनिया की बेहतरीन टीमों में से एक रहे हैं। लगातार दो वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचना आसान उपलब्धि नहीं है। यह दिखाता है कि हमने जो हासिल किया है, वह मेहनत और संघर्ष से मिला है। हमें कुछ भी मुफ्त में नहीं मिला।”

उन्होंने कहा कि अगर इंग्लैंड के खिलाफ टीम हार जाती, तो आलोचक कई तरह की बातें करते, लेकिन खिलाड़ियों ने ऐसा कोई मौका नहीं दिया। मेसी ने माना कि इंग्लैंड एक मजबूत टीम थी और इतने बड़े मुकाबले में दबाव बहुत ज्यादा होता है। ऐसे मैचों में छोटी-छोटी बातें भी इतिहास बना देती हैं।

लियोनेल मेसी ने इस जीत को अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर डिएगो माराडोना को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि 40 साल पहले इंग्लैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप मुकाबले में माराडोना ने अहम भूमिका निभाई थी और यह दिन उनके लिए भी खास होता। मेसी ने कहा, “मुझे पूरा भरोसा है कि डिएगो ऊपर से इस पल का आनंद ले रहे होंगे। उन्हें यह खुशी देना हमारे लिए भी खास है। वह इस सफलता को जिस तरह महसूस करना चाहें, उन्हें इसका पूरा हक है।” फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में अब अर्जेंटीना की भिड़ंत स्पेन से होगी।

Exit mobile version