Site icon Dainik Savera Times

IPL 2026 फाइनल हारने के बाद गुजरात टाइटंस के साथ हादसा, खिलाड़ियों को होटल ले जा रही बस में लगी आग

IPL 2026 Final

IPL 2026 Final

स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 के फाइनल मुकाबले में हार के बाद गुजरात टाइटंस की टीम एक बड़े हादसे का शिकार होने से बच गई। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मैच समाप्त होने के बाद टीम होटल लौट रही थी, तभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को ले जा रही बस में अचानक आग लग गई। घटना के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, बस में आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। आग लगने के बाद बस से धुआं उठने लगा और कुछ ही समय में लपटें दिखाई देने लगीं। स्थिति को देखते हुए सभी खिलाड़ियों और टीम स्टाफ को तुरंत बस से बाहर निकाल लिया गया। समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर आ गए, जिससे किसी भी तरह की बड़ी दुर्घटना टल गई।

घटना के कारण टीम के खिलाड़ी और अन्य सदस्य करीब एक घंटे तक सड़क पर ही रुके रहे। बाद में टीम प्रबंधन ने दूसरी बस की व्यवस्था की और सभी को सुरक्षित होटल पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी खिलाड़ी या स्टाफ सदस्य को चोट नहीं आई।

ये भी पढ़ें: आईपीएल 2026: कोहली बोले- मैंने इस पल की कई बार कल्पना की थी, RCB हर चुनौती से लड़ना सिखाती है

फाइनल में हार से पहले ही निराश गुजरात टाइटंस के लिए यह घटना एक और झटका साबित हुई। टीम अपने घरेलू मैदान नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेल रही थी और उसके पास दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने का सुनहरा अवसर था, लेकिन वह इसे भुना नहीं सकी।

बता दें मैच में गुजरात टाइटंस ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी की। टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 155 रन ही बना पाई। टीम के प्रमुख बल्लेबाज शुभमन गिल और साई सुदर्शन बड़ी पारी नहीं खेल सके, जिससे टीम मजबूत स्कोर खड़ा करने में सफल नहीं रही। गुजरात की ओर से वाशिंगटन सुंदर ने सबसे अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 50 रन बनाए और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

ये भी पढ़ें: आईपीएल 2026: RCB ने रचा इतिहास, लगातार दो खिताब जीतने वाली बनी तीसरी टीम

156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शानदार प्रदर्शन किया। कप्तान रजत पाटीदार के नेतृत्व में टीम ने लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने नाबाद 75 रन की बेहतरीन पारी खेली और विजयी शॉट लगाकर टीम को जीत दिलाई। आरसीबी ने 18 ओवर में 161 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ टीम ने लगातार दूसरी बार आईपीएल खिताब जीतने का गौरव हासिल किया। वहीं, गुजरात टाइटंस को फाइनल में हार और उसके बाद बस में आग लगने की घटना के कारण एक ही दिन में दो बड़े झटकों का सामना करना पड़ा।

Exit mobile version